एमपी: नर्मदा घाटी में मिला 5 लाख साल पुराना विशालकाय हाथी का जबड़ा, पुरानी पीली मिट्टी की परत में दबा था

दुनिया के कई अनसुलझे रहस्य अपने भीतर समेटे नर्मदा घाटी एक बार फिर चर्चा में है। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में नर्मदा नदी के किनारे पतई घाट पर एक विशालकाय प्रागैतिहासिक हाथी का जीवाश्म मिला है। इसमें हाथी के निचले जबड़े और दांतों के अवशेष शामिल हैं। वैज्ञानिकों के प्रारंभिक विश्लेषण के मुताबिक, यह जीवाश्म करीब 4 से 5 लाख वर्ष पुराना हो सकता है। इसकी बनावट और दांतों की संरचना के आधार पर इसे पेलियोलेक्सोडोन (Palaeoloxodon) प्रजाति का माना जा रहा है। यह प्रागैतिहासिक हाथी 4 से 5 मीटर यानी करीब 13 से 16 फीट ऊंचा और 18 से 22 टन तक वजनी होता था। वैज्ञानिकों का मानना है कि जिस स्थान पर जबड़ा मिला है, वहां पीली मिट्टी की परत में हाथी की पसलियों और शरीर के अन्य अंगों के जीवाश्म भी दबे हो सकते हैं।

इस खोज से नर्मदा घाटी में प्रागैतिहासिक जीवों की मौजूदगी को लेकर एक बार फिर नई उम्मीद जगी है। इससे पहले इसी क्षेत्र में मानव कपाल और हाथी के प्राचीन दांत भी मिल चुके हैं। पतई से करीब एक किलोमीटर दूर उड़ने वाले जीव के जीवाश्म मिलने की जानकारी भी सामने आ चुकी है। इस खोज का प्रारंभिक विश्लेषण डॉ. अंजलि त्रिवेदी (शाहनी इंस्टीट्यूट ऑफ पैलियोसाइंसेज, लखनऊ) और डॉ. रवि उपाध्याय समेत वैज्ञानिकों ने किया है।

 

रायसेन जिले के नर्मदा घाटी क्षेत्र में स्थित पतई घाट पर मिले जीवाश्म का वरिष्ठ वैज्ञानिकों की टीम ने प्रारंभिक अध्ययन किया है। इस टीम में डॉ. हिटकिशोर गोस्वामी, डॉ. रवि उपाध्याय, डॉ. कुंवर वजाहत शाह, डॉ. सचिन कुमार और डॉ. मुकेश द्विवेदी शामिल रहे।

और पढ़े  'गांजा रखकर फंसा देंगे',होटल में ठहरे कपल्स को धमकाते पुलिसकर्मियों का वायरल हुआ वीडियो, टीआई लाइन अटैच

 

 

वैज्ञानिकों ने जीवाश्म मिलने वाली जगह की मिट्टी की परतों और उसकी भूगर्भीय संरचना का अध्ययन किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि जीवाश्म पीली महीन मिट्टी की उस परत से मिला है, जिसे भूगर्भीय भाषा में बनेटा फॉर्मेशन और सोहागपुर फॉर्मेशन से संबंधित माना जाता है। यह परत प्लेस्टोसीन काल की है, जिसका समय लगभग 24 हजार से 5 लाख वर्ष पूर्व तक माना जाता है। वैज्ञानिकों के अनुसार, जीवाश्म की स्थिति और संरचना इसे मध्य प्लेस्टोसीन काल का होने की संभावना की ओर संकेत करती है।

दो प्रमुख प्रजातियों के जीवाश्म
शोधकर्ताओं के मुताबिक, नर्मदा घाटी में हाथी जैसे जीवों की दो प्रमुख प्रजातियों के जीवाश्म मिलते रहे हैं। इनमें पहली प्रजाति स्टेगोडॉन (Stegodon) है। यह करीब 3 मीटर ऊंचा हाथी जैसा जीव था, जिसके दांत मुड़े हुए होते थे। इसके जीवाश्म आमतौर पर नीचे की भूगर्भीय परतों में मिलते हैं। दूसरी प्रजाति पेलियोलेक्सोडोन (Palaeoloxodon) थी। यह सीधे दांतों वाला विशालकाय हाथी था, जिसकी ऊंचाई 4 से 5 मीटर और वजन 18 से 22 टन तक होता था। इसके जीवाश्म सामान्यतः ऊपरी और मध्य भूगर्भीय परतों में मिलते हैं।

पतई में मिले जबड़े की लंबाई करीब 75 सेंटीमीटर और चौड़ाई 25 सेंटीमीटर है। इसकी दांतों की बनावट भी वैज्ञानिकों के लिए खास है। जबड़े में दाढ़ें एक-दूसरे के समानांतर 7 से 9 पंक्तियों में दिखाई देती हैं। दांत ऊंचे और उभरे हुए हैं। उन पर स्पष्ट धारियां भी मौजूद हैं। इसके अलावा जबड़े का निचला हिस्सा यानी ठुड्डी चौड़ी है। इन विशेषताओं के आधार पर वैज्ञानिक इसे पेलियोलेक्सोडोन प्रजाति का जीवाश्म मानने की संभावना जता रहे हैं।

और पढ़े  मध्यप्रदेश: टोल पर रोकी गाड़ी तो भड़के वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष, पूछा- जानते हो मैं कौन हूं?

 

वहीं, स्टेगोडॉन के जबड़े की ठुड्डी वी आकार की होती थी। इसके दांत अपेक्षाकृत चौड़े, छोटे और भारी होते थे। पतई में मिले जीवाश्म में ऐसी बनावट नहीं मिलने के कारण इसके स्टेगोडॉन होने की संभावना कम मानी जा रही है। हालांकि, वैज्ञानिकों ने स्पष्ट किया है कि जीवाश्म की वास्तविक प्रजाति और उसकी सही उम्र निर्धारित करने के लिए अभी और गहन शोध की जरूरत है।

वैज्ञानिकों ने क्या बताया?
वैज्ञानिकों के अनुसार, नर्मदा घाटी का यह पूरा इलाका जीवाश्मों की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। वर्ष 2010 में भी इस क्षेत्र से कई जीवाश्म मिले थे, जिनमें डायनासोर के जीवाश्म भी शामिल थे। यहां पहले भी प्रागैतिहासिक जीवों के अवशेष मिलते रहे हैं। ऐसे में पतई घाट पर हुई नई खोज से इस क्षेत्र में और भी महत्वपूर्ण जीवाश्म मिलने की संभावना है।वैज्ञानिकों ने इस पूरे क्षेत्र में व्यापक शोध कराने और इसे जीवाश्म संरक्षित क्षेत्र घोषित करने की जरूरत बताई है। इस संबंध में आईआईटी गांधीनगर में हुई बैठक में भी चर्चा की गई थी। साथ ही जीवाश्म संरक्षण क्षेत्र बनाने का प्रस्ताव यूनेस्को को भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है।

  • Related Posts

    भोपाल में 50 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार, 2 साल से चल रहे थे फरार

    अयोध्या नगर थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात करीब 50 करोड़ रुपये की बड़ी धोखाधड़ी के आरोपी पति-पत्नी को  गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों की पहचान…

    भोपाल: बाहर भिखारियों से कार धुलवा रहे थे एएसआई, अंदर लॉकअप से विदेशी नागरिक फरार

    जिस थाने की जिम्मेदारी अपराधियों और संदिग्धों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखने की है, उसी थाने के लॉकअप से एक विदेशी नागरिक के फरार होने का मामला सामने आया है।…