उत्तराखंड में भाजपा अब हर विधानसभा में महिला विस्तारक नियुक्त करेगी। चुनावी तैयारियों के बीच कॉर्नर मीटिंग, रूम मीटिंग, किसान चौपाल, विधानसभा सम्मेलनों से मोर्चा, जनआशीर्वाद को प्रभावी बनाया जाएगा। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि भाजपा चुनावी संदेश को सभी वर्गों एवं क्षेत्रों में पहुंचाने की जिम्मेदारी पार्टी मोर्चों, प्रकोष्ठों को दी गई है।
प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने बताया कि चुनाव के दृष्टिकोण से हमारी विस्तारक योजना भाजपा का एक अभिनव प्रयोग है। जहां हमने 70 विधानसभाओं में 70 पूर्णकालिक विस्तारक की नियुक्ति की है। आगामी दिनों में हम सभी विधानसभाओं में 70 महिला विस्तारक नियुक्त करने जा रहे हैं। ये सभी प्रवासी कार्यकर्ता होंगी, जो संबंधित विधानसभा में पार्टी के कार्यक्रमों को मातृशक्ति के मध्य विस्तार देंगे। पार्टी की सफलता में मातृशक्ति का योगदान अप्रतिम है। लिहाजा आगे भी उनके सहयोग से हम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनाने जा रहे हैं। 65 के पार का जो लक्ष्य गृह मंत्री अमित शाह ने दिया, उसके लिए बनाई गई अलग-अलग रणनीति का यह अहम हिस्सा है।







