उत्तराखंड जनगणना: टीम के साथ मारपीट-बदतमीजी की तो दर्ज होगी सीधे FIR, हो सकती है सजा

प्रदेश में एक दिसंबर से विनम्रता से घर-घर जनगणना की जाएगी लेकिन अगर इस दौरान टीम के साथ किसी ने बदतमीजी, मारपीट की या सवालों की जानकारी देने में आनाकानी की तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। कानूनन तीन साल की सजा हो सकती है। भवन गणना के दौरान देहरादून में प्रगणक पर कुत्तों के हमले समेत कई घटनाएं सामने आने के बाद जनगणना में उनकी सुरक्षा को लेकर सख्ती बरती जाएगी।

मंगलवार को निदेशक जनगणना इवा आशीष श्रीवास्तव और सचिव जनगणना दीपक कुमार ने जनगणना भवन में प्रेस वार्ता की। निदेशक इवा श्रीवास्तव ने बताया कि द्वितीय चरण में 30 नवंबर तक डिजिटल स्व-गणना चल रही है। एक दिसंबर से चार जनवरी के बीच घर-घर जनगणना का काम होगा। प्रथम चरण में जब घर-घर भवन गणना चल रही थी तो प्रदेश में कई जगहों पर प्रगणकों के साथ घटनाएं सामने आईं थीं। देहरादून में तो एक प्रगणक पर कुत्तों ने हमला कर दिया था। निदेशक इवा श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार पहले से ही इस संबंध में पुलिस महानिदेशक ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जिस क्षेत्र में घर-घर जनगणना शुरू होगी, वहां के प्रगणक और पुलिस थाने आपस में संपर्क में रहेंगे। कहीं कोई दुर्व्यवहार या मारपीट, जनगणना में असहयोग जैसी घटना हुई तो संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
यह प्राथमिकी चार्ज अधिकारी (नगर निगम में एसएनए, पालिका-नगर पंचायतों में ईओ, ग्राम पंचायतों में तहसीलदार, बीडीओ) की ओर से कराई जाएगी। जनगणना अधिनियम 1948 की धारा-11 के तहत जनगणना के काम में बाधा डालना, मारपीट करना, सही जानकारी देने से इनकार करना या ड्यूटी में खलल डालना कानूनी अपराध है। दोषी पाए जाने पर तीन साल तक की जेल, 1000 रुपये तक का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। प्रेस वार्ता में संयुक्त निदेशक एसएस नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार, आरके बनवारी, सहायक निदेशक संजीव कुमार, वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी अंजू आजाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई विदेशी भी यहां हुआ तो उसकी भी जनगणना

निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य के हिमाच्छादित क्षेत्रों में जनगणना का काम पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों को छोड़कर बाकी पूरे प्रदेश में एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर जनगणना होगी। इसके बाद पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण दौर आयोजित किया जाएगा। जनगणना के लिए संदर्भ तिथि पांच जनवरी 2027 को रात्रि 12:00 बजे निर्धारित की गई है। चार जनवरी की शाम छह से रात 12 बजे के बीच प्रदेशभर में बेघर लोगों की गणना की जाएगी। इस दौरान अगर कहीं कोई विदेशी ठहरा होगा तो उसकी भी जनगणना की जाएगी। उधर, स्व-गणना के पहले ही दिन 14,680 ने लॉगिन किया, जिनमें से 4146 ने स्व-गणना कर दी है।

और पढ़े  कोटद्वार: ट्रैक्टर पलटने से मां-बेटी की मौत, पिता-पुत्र घायल, भैयादूज पर ससुराल से लौट रहा था परिवार
  • Related Posts

    अब 3 साल तक नहीं कराना होगा पीयूसी: BS-6 गाड़ियों के लिए सरकार ने बदला नियम, किसे कब कराना होगा रिन्यूअल?

    गाड़ी चलाने वालों के लिए प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) को लेकर सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता अवधि में संशोधन…

    यूकेएसएसएससी: उत्तराखंड में समूह-ग के 1694 पदों पर भर्ती, 12वीं पास के लिए मौका, 25 नवंबर से करें आवेदन

    उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विज्ञापन संख्या 84/2026 के तहत विभिन्न विभागों में वर्दीधारी सिपाही पदों पर सीधी भर्ती निकाली है। इस भर्ती में कुल 1,694 पद भरे…