अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन पहुंच गए हैं। शेनझेन पहुंचने पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उनका व्यक्तिगत रूप से स्वागत किया। ट्रंप की इस यात्रा को लेकर चीन में विशेष तैयारियां की गई हैं। उनके स्वागत के लिए औपचारिक समारोह आयोजित किया गया। ट्रंप यहां एपीईसी समिट में हिस्सा लेने के साथ ही चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ त्रिपक्षीय बैठक में शामिल होने पहुंचे हैं।
कहां होने वाली है यह बैठक?
अमेरिका, चीन और रूस के बीच होने वाली इस बैठक की आधिकारिक पुष्टि व्हाइट हाउस और चीन के विदेश मंत्रालय ने कर दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 19 नवंबर (गुरुवार) को चीन के शेन्जेन शहर में मुलाकात करेंगे। यह तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की पहली ऐसी त्रिपक्षीय बैठक होगी। यह मुलाकात एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) शिखर सम्मेलन के इतर होगी। चीन इस साल एपीईसी की मेजबानी कर रहा है। सम्मेलन 18 और 19 नवंबर को शेन्जेन में होगा। तीनों नेताओं की बैठक को इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अमेरिका, रूस और चीन दुनिया की सबसे बड़ी परमाणु सैन्य शक्तियों में शामिल हैं और इनके बीच मतभेद या टकराव पूरी दुनिया को प्रभावित कर सकता है।
चीन के साथ व्यापार और एआई पर भी नजर
ट्रंप की इस यात्रा में अमेरिका और चीन के बीच व्यापार संबंध भी अहम मुद्दा रहेंगे। अमेरिकी टैरिफ का मकसद चीन के व्यापार अधिशेष को कम करना था, लेकिन इसके बावजूद चीन दुनिया का प्रमुख विनिर्माण केंद्र बना हुआ है। लगातार दूसरे साल चीन का वस्तुओं का निर्यात उसके आयात से एक ट्रिलियन डॉलर अधिक रहने की स्थिति में है।







