UP: एक हादसा देखने के चक्कर में दूसरा एक्सीडेंट, चंद सेकंड में तीन की मौत, हाईवे पर मचा कोहराम

यूपी के शिकोहाबाद मंडी समिति के सामने कानपुर-फिरोजाबाद हाईवे पर मंगलवार देर शाम एक ही स्थल पर चंद सेकंड में हुए दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहले हादसे में बाइक सवार पूर्व प्रधान दंपती को ट्रक ने कुचल दिया। वहीं, कुछ ही सेकंड बाद घटनास्थल को देखने के चक्कर में पीछे से आ रही एक अन्य बाइक दूसरे ट्रक में जा घुसी, जिससे 12वीं के एक छात्र की भी जान चली गई। छात्र का सहपाठी गंभीर रूप से घायल है।

 

साली की मौत पर शौक जताकर लौट रहे थे रामवीर
घटना मंगलवार शाम करीब 6:40 बजे की है। मक्खनपुर की ग्राम पंचायत कीरथरा मोहम्मदपुर के तीन बार (2021 तक) प्रधान रहे रामवीर सिंह यादव (70) अपनी पत्नी शांति देवी (65) निवासी खेतरा किशनपुर, मक्खनपुर के साथ मैनपुरी के घिरोर स्थित लोहलखेड़ा में अपनी साली की मृत्यु पर शोक जताकर बाइक से वापस लौट रहे थे। शिकोहाबाद मंडी समिति के सामने सर्विस रोड के कट के पास आगे वाहन आ जाने के कारण उन्हें ब्रेक लगानी पड़ी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मारी और दोनों को करीब 50 मीटर तक रौंदते हुए ले गया। पूर्व प्रधान और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।

 

दूसरा हादसा: दुर्घटना देखने के चक्कर में ट्रक में घुसी छात्रों की बाइक, एक की मौत
पहले हादसे को देखकर हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लोग दौड़ पड़े। इस बीच हाईवे की दूसरी लेन में चल रहा एक अन्य ट्रक धीमा हो गया। इस ट्रक ने घटनास्थल को कुछ मीटर ही पार किया था कि पीछे से अपनी बाइक पर ट्यूशन से लौट रहे आवास विकास कॉलोनी (शिकोहाबाद) निवासी 12वीं के छात्र शिवांजल (18) का ध्यान पहले हुए हादसे की ओर भटक गया और बाइक आगे चल रहे उसी धीमी गति के ट्रक में पीछे से जा घुसी। शिवांजल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका सहपाठी अनुराग (18) पुत्र रघुराज सिंह, निवासी नगला किला, प्रतापपुर रोड गंभीर रूप से घायल हो गया।

और पढ़े  वृंदावन में बनेगा बांकेबिहारी का नया मंदिर? 50 एकड़ जमीन का प्रस्ताव, जानें पूरा प्लान

 

हाईवे पर लगा जाम
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। वहीं, गंभीर रूप से घायल छात्र अनुराग को परिजनों द्वारा तत्काल शिकोहाबाद के 100 शैया अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर उसे देर शाम आगरा रेफर कर दिया गया। दूसरे ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। इधर, घटनास्थल पर भीड़ जुटने और ट्रकों के हाईवे पर खड़े होने के कारण जाम लग गया। पुलिस ने दोनों ट्रकों को हाईवे से हटवाकर जाम को खुलवाया।

 

भाई-भाभी का शव देख बेहोश हुए रामरतन
मक्खनपुर के पूर्व प्रधान रामवीर सिंह (70) और उनकी पत्नी शांति देवी (65) अपनी साली के निधन पर शोक जताकर लौट रहे थे। किसे पता था कि यह उनका आखिरी सफर होगा। परिवार में चार बेटे शिवकुमार, योगेश, दिनेश और अखिलेश हैं। जिनमें दिव्यांग योगेश ने शादी नहीं की थी। शिवकुमार का बेटा हरदीप हाल ही में होमगार्ड में चयनित हुआ था। भतीजे योगेंद्र ने मोर्चरी पर नम आंखों से बताया कि ताऊ रामवीर और ताई शांति देवी हमेशा घर के नाती-नातिनों के ब्याह धूमधाम से करने के सपने संजोए रहते थे। जब इस हादसे की खबर रामवीर के भाई रामरतन को मिली तो वह भागते हुए शिकोहाबाद के 100 शैया अस्पताल पहुंचे। भाई-भाभी का शव देखते ही फूट-फूटकर रोते हुए बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। जिन्हें परिजन ने किसी तरह होश में लाया। इस हृदयविदारक दृश्य ने वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर दीं।

और पढ़े  UP- राष्ट्रपति भवन में तैनात जवान पर हमले के आरोपी की पुलिस से मुठभेड़, पैर में लगी गोली, दूसरा भी पकड़ा गया

 

मां नमकीन पराठे बनाना…पर लौटकर नहीं आया शिवांजल
हादसे में जान गंवाने वाला 12वीं का मेधावी छात्र शिवांजल (18) चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसके मामा संतोष ने रुंधे गले से बताया कि शिवांजल शाम को करीब पांच बजे घर से शिकोहाबाद ट्यूशन पढ़ने निकला था और जाते वक्त मां बीनू कुमारी से मासूमियत से फरमाइश की थी कि मां, आज खाने में मेरे पसंदीदा नमकीन पराठे बनाना। मामा ने बताया कि शिवांजल का सपना आईआईटी में दाखिला पाने का था, जिसके लिए वह जी-तोड़ मेहनत कर रहा था। उसकी आकस्मिक मौत से मां बीनू कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी बहन भी भाई का शव देख सुधबुध खो बैठी है। उसके पिता ब्रजवीर सिंह सीआरपीएफ में झारखंड में तैनात हैं। उन्हें फोन पर बेटे के निधन की मनहूस खबर मिलने पर वे सन्न रह गए।

 

खेती कर बेटे को पढ़ा रहे थे रघुराज
इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए छात्र अनुराग के पिता रघुराज सिंह खेती के साथ-साथ कृषि यंत्रों को भाड़े पर देने का काम करते हैं। मंगलवार को वह यंत्रों के सिलसिले में उन्नाव गए हुए थे। जिन्हें परिजन ने फोन पर बेटे के साथ हुए इस भयानक हादसे की सूचना दी।

  • Related Posts

    वृंदावन में बनेगा बांकेबिहारी का नया मंदिर? 50 एकड़ जमीन का प्रस्ताव, जानें पूरा प्लान

    ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर मंगलवार को लक्ष्मण शहीद सभागार में हाईपावर्ड कमेटी की 22वीं बैठक हुई। बैठक में…

    ‘राजा भैया का दबदबा था और रहेगा: रामकथा सुनने प्रतापगढ़ पहुंचे बृजभूषण सिंह बोले- हमारा इतिहास सतयुग से

    यूपी के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा के बेंती राजभवन स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित रामकथा में पहुंचे गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि रघुराज प्रताप सिंह…