डाल दो हथियार- कुलगाम में आतंकी लतीफ भट से सरेंडर कराने की कोशिश, वीडियो कॉल के जरिए सुरक्षाबल कर रहे बात

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच जारी मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर लतीफ भट फंसा है। सुरक्षा बलों ने भट को वीडियो कॉल भी किया, अफसरों ने आतंकी लतीफ से सरेंडर करने के लिए कहा।

सामने आए वीडियो में एक अधिकारी को भट से यह कहते हुए सुना गया, “हम तुम्हारे साथ हैं।” हालांकि, उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और कहा, “मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं।”

सुबह होने से पहले ही फिर से गोलीबारी शुरू हो गई, सुरक्षा बलों ने कुलगाम के कई गांवों में अपना ऑपरेशन तेज कर दिया है। भट का साथी, उमर निसार डार, सोमवार को कुलगाम में हुई एक मुठभेड़ में मारा गया था। निसार और लतीफ 11 नवंबर को CRPF (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) की एक चौकी पर हुए हमले में शामिल थे।

सीसीटीवी में कौन-कौन दिखा?

मंगलवार को पुलिस ने CCTV फुटेज जारी किया, जिसमें 11 नवंबर को CRPF की चौकी पर हमला करने से पहले डार और भट को रेकी (इलाके की टोह) करते हुए देखा जा सकता है। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। तब से, इलाके में बड़े पैमाने पर सर्च और घेराबंदी अभियान चलाया जा रहा है, और पूछताछ के लिए 500 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है।

किस-किस इलाके की आतंकियों ने रेकी की थी?

पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर के हमले की जांच से पता चला है कि स्थानीय निवासी डार ने हमले से पहले भट के साथ मिलकर कई जगहों की रेकी की थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “10 नवंबर को, उमर निसार डार ने लश्कर कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम जैसी कई जगहों की रेकी की थी।

और पढ़े  जम्मू: परीक्षा में सेंध लगाने की फिराक में 14 गिरफ्तार, सभी के खिलाफ तीन एफआईआर, जांच के लिए एसआईटी गठित

इनका मकसद संभावित ठिकानों की पहचान करना और सुरक्षा बलों पर हमले की योजना बनाना था। अधिकारी ने बताया कि 11 नवंबर को डार और भट ने अखरान में CRPF की चौकी पर हमला किया और वहां से भाग गए। बाद में CCTV फुटेज की जांच और विश्लेषण के जरिए पुलिस ने इन दोनों की पहचान की।

फुटेज में 10 नवंबर को की गई रेकी के दौरान उनकी गतिविधियों और हमले के बाद अखरान में CRPF की चौकी से भागते समय की उनकी हरकतों को देखा जा सकता है। डार के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम के एक पुलिस स्टेशन में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

कितने समय से लतीफ भट की मदद कर रहा था निसार डार?

जांच के दौरान यह पता चला कि निसार डार पिछले पांच-छह महीनों से लतीफ भट को पनाह दे रहा था और उसे मदद मुहैया करा रहा था। पुलिस के अनुसार, स्थानीय स्तर पर आतंकी गतिविधियों से जुड़ा लतीफ भट, 22 जुलाई को अनंतनाग में पुलिस पर हुए एक आतंकी हमले में भी शामिल था, जिसमें एक पुलिसकर्मी बलिदान हो गया था।

  • Related Posts

    लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर: मस्जिद में छिपा था कुलगाम हमले का आतंकी, पहले अफसरों ने दिया था सरेंडर करने का मौका

    जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच जारी मुठभेड़ में बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर लतीफ भट को मार…

    जम्मू: बर्फीले पहाड़ों पर अब नहीं फिसलेंगे जवानों के पैर, मिलेंगे खास जूते, ऑपरेशन में भी होगी आसानी

    ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद सेना के जवानों के सामने ठंड और फिसलन बड़ी चुनौती बन जाती है। ऐसी परिस्थितियों में बर्फीले युद्ध का प्रशिक्षण केंद्र बारामुला के गुलमर्ग…