केशम द्वीप पर अमेरिका ने बरसाए बम: ईरान के मिसाइल ठिकाने बने निशाना, होर्मुज में बढ़ा तनाव, क्यों किया हमला?

बहरीन में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरान के हमले के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की है। अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थित ईरान के केशम द्वीप पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के मिसाइल लॉन्च ठिकाने पर सटीक हमले किए।

अल जजीरा ने एक अमेरिकी सैन्य अधिकारी के हवाले से बताया कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई। अधिकारी के मुताबिक, ईरान की ओर से अमेरिकी सैनिकों और सैन्य ठिकानों पर की गई कार्रवाई के जवाब में अमेरिकी विमानों ने केशम द्वीप पर मिसाइल लॉन्च साइट को निशाना बनाया।
अमेरिकी हमलों पर क्या बोला ईरान?
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बताया कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की ओर से बहरीन स्थित एक एयरबेस के रडार सिस्टम की तरफ भेजे गए कई ड्रोन को रोक दिया गया। कमांड के मुताबिक, इन ड्रोन को बिना किसी नुकसान के इंटरसेप्ट किया गया। अमेरिकी उपकरणों या सैन्य कर्मियों को कोई नुकसान नहीं हुआ।
दूसरी ओर, ईरानी मीडिया ने केशम द्वीप के एक स्थानीय अधिकारी के हवाले से बताया कि द्वीप पर अमेरिका ने कई हमले किए, लेकिन बुनियादी ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ा तनाव
होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास सैन्य तनाव लगातार बढ़ रहा है। हाल के दिनों में इस क्षेत्र में कम से कम पांच जहाजों को निशाना बनाए जाने की खबरें आई हैं। ईरान की सेना ने जहाजों को चेतावनी दी है कि वे जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए अमेरिका की ओर से बताए गए कथित फर्जी रास्तों का इस्तेमाल न करें। ईरान ने यह दावा भी किया है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर अलग-अलग घटनाओं में अमेरिका के दो ड्रोन मार गिराए हैं।

इस बीच कतर के विदेश मंत्रालय ने घोषणा की है कि मध्यस्थता के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए मंगलवार को ईरानी अधिकारियों के साथ बैठक होगी।

और पढ़े  अमेरिका में हवाई यात्रा पर संकट बरकरार: 500 से अधिक उड़ानें आज भी रद्द, हजारों फ्लाइट्स में घंटों की देरी

अमेरिका पर रासायनिक हथियारों से हमले की योजना के आरोपों से ईरान का इनकार
इस बीच ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने उन खबरों को खारिज किया है, जिनमें दावा किया गया था कि तेहरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने की योजना बना रहा है।

इन खबरों में आरोप लगाया गया था कि ईरान वॉशिंगटन में अधिकारियों पर रासायनिक हथियारों या ‘डर्टी बम’ से हमला करने की रणनीति तैयार कर रहा है। अराघची ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इन खबरों को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि ईरान के खिलाफ संभावित संघर्ष के समर्थन में माहौल बनाने के लिए इस तरह की रिपोर्ट प्रसारित की जा रही हैं।

ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने भी सीएनएन की रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि ईरान रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल करने के बजाय खुद इन हथियारों का बड़ा पीड़ित रहा है। उन्होंने कहा, “ईरान रासायनिक हथियारों के सबसे बड़े पीड़ितों में से एक है। इन अमानवीय हथियारों का इस्तेमाल उन लोगों के समर्थन से किया गया, जो आज आरोप लगा रहे हैं, खासकर अमेरिका।”

क्या थी अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट में बात?
सीएनएन ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि अमेरिका की नई खुफिया जानकारी के मुताबिक, ईरान वॉशिंगटन में ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने के विकल्पों पर विचार कर रहा है। इसके लिए रासायनिक हथियार या डर्टी बम इस्तेमाल करने की योजना बनाने का आरोप लगाया गया था। हालांकि, रिपोर्ट में शामिल सूत्रों ने कहा था कि खुफिया जानकारी में किसी तत्काल हमले के संकेत नहीं मिले हैं। उनके मुताबिक, ईरान से जुड़े लोग संभावित कार्रवाई के लिए वैकल्पिक रास्तों और ठिकानों की जानकारी जुटा रहे थे।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि संभावित ठिकानों और लक्ष्यों की पहचान काफी विस्तार से की गई थी, जिसके बाद अमेरिका ने एहतियाती तैयारियां शुरू कीं। एक सूत्र ने सीएनएन से कहा कि इस योजना को अंजाम देने के लिए ईरान के पास जरूरी लोगों और संसाधनों की उपलब्धता को लेकर अभी बहस है।
  • Related Posts

    आसियान: पीएम मोदी से मिले ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा- वे मजबूत शख्सियत,मनीला में क्वाड बैठक से पहले की तारीफ

    प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर हैं। यहां वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे। इस दौरान भारत के दक्षिण-पूर्व एशियाई…

    ओडिशा: पारादीप तट पर बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, डूबने वाला था जहाज, तटरक्षक बलों ने 27 लोगों की बचाई जान

    ओडिशा तट के पास पारादीप पोर्ट अथॉरिटी (पीपीए) और भारतीय तटरक्षक बल (इंडियन कोस्ट गार्ड) ने मुसीबत में फंसे एक जहाज के 27 चालक दल के सदस्यों को बचा लिया,…