लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि भारत गंभीर आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को इसकी प्रमुख वजह बताया। राहुल ने यह बात अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कही।
राहुल गांधी से कार्यक्रम की मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन ने भारत के युवाओं को लेकर सवाल किया था। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात से निराश युवाओं में एक वर्ग ऐसे मध्यमवर्गीय परिवारों से आता है, जहां उन्हें औपचारिक शिक्षा मिली है। राहुल ने कहा कि युवाओं की निराशा की सबसे बड़ी वजह यह है कि उन्हें अपने लिए भविष्य की संभावनाएं दिखाई नहीं दे रही हैं।
माता-पिता की सलाह पर भी सवाल उठा रहे युवा
राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं और उनके माता-पिता के बीच करियर और रोजगार को लेकर सोच का अंतर बढ़ रहा है। नई पीढ़ी अपने माता-पिता के अनुभवों और उनके बताए रास्ते पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि युवा अपने माता-पिता से कह रहे हैं कि आप सफल नहीं हैं, आपके पास नौकरी नहीं है, ऐसे में आप हमें वह रास्ता अपनाने की सलाह कैसे दे सकते हैं, जिस पर चलकर आपको भी सफलता नहीं मिली।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि बेरोजगारी, भविष्य के अवसरों की कमी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी चिंताएं ऐसी चुनौतियां हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
राहुल गांधी दो दिन के अमेरिकी दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ शैक्षणिक संवाद में हिस्सा लिया। वह 18 नवंबर को शिकागो यूनिवर्सिटी भी जाने वाले हैं।







