यूपी के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा के बेंती राजभवन स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित रामकथा में पहुंचे गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया का दबदबा पहले भी था। आगे भी रहेगा। इनके पिता का भी दबदबा था। रामकथा में आए पूर्व सांसद ने आमंत्रण देने के लिए राजा भैया का धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि आज मुझे बाबा बागेश्वर के साथ इस पवित्र भूमि और जनता के दर्शन करने का अवसर प्राप्त हुआ है। आगे कहा कि सनातन किसी की दया पर नहीं है। हमारा इतिहास सतयुग से शुरू होता है। सतयुग में भी सनातन को मिटाने की कोशिश हुई थी। त्रेता और द्वापर में भी प्रयास हुआ। आज कलयुग में भी कोशिश जारी है लेकिन सनातन सभी युगों में था। कलयुग में भी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिनको अपना इतिहास नहीं मिलता। हम उनकी कोई मदद नहीं कर सकते हैं। वो अपना इतिहास खोजे। हमने अपना खोज लिया है।
पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी बनेंगे भारत के नागरिक: राजा भैया
उन्होंने कि पाकिस्तान के हिंदू भाई-बहनों ने आजीवन यातनाएं झेली हैं। बावजूद इसके वह अपने धर्म पर अडिग रहे। आज रामकथा में हनुमान जी का बल पाकर कहा रहा हूं कि आपके बुरे समय का अंत होगा। आप देश के नागरिक बनेंगे और सुखमय जीवनयापन करेंगे। मंच राजा भैया ने पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बलियान, सांसद निशिकांत दुबे, विधायक अभय सिंह, विधायक राकेश सिंह, एमएलसी विनीत सिंह, बाबागंज विधायक विनोद सरोज, पूर्व एमएलसी यशवंत सिंह, यशपाल और सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता अश्वनी उपाध्याय का भी अभिवादन किया।
यह उत्सव नहीं, सनातन जागरण का महोत्सव है: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
कथाव्यास धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि बेंती में एक तरफ गंगा बह रही हैं तो दूसरी ओर आज से चार दिन तक राम कथा की गंगा बहेगी। ऐसा लगा रहा है कि जैसे कुंडा में प्रयागराज का महाकुंभ लग गया हो। चारों तरफ सनातनियों का सैलाब है। सनातन के प्रखर और मुखर व हिंदुत्व के लिए जीने वाले मेरे अति प्रिय रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया की ओर से यह उत्सव नहीं, सनातन का जागरण महोत्सव कराया जा रहा है।
संत, महंत, महात्मा, राजपीठ और व्यासपीठ से लोग पहुंच गए। कथा में देरी होने पर कथाव्यास ने माफी मांगी। कहा कि कल दो बजे आ जाएंगे और कथा शुरू हो जाएगी। कथाव्यास ने कहा कि पहली बार पाकिस्तानी हिंदुओं को सुनाने में आनंद आ रहा है। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। कल सुबह पाकिस्तानी हिंदुओं से हवन भी करवाएंगे।







