रुड़की शहर की ऐतिहासिक पहचान माने जाने वाले सिंचाई कार्यशाला परिसर के वॉच टावर पर लगी करीब 180 साल से अधिक पुरानी घड़ी की टिक-टिक थम गई है। घड़ी बंद होने से जहां कर्मचारियों और कार्यालय में आने वाले लोगों को समय देखने की सुविधा नहीं मिल पा रही है। वहीं ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
ऐतिहासिक महत्व के चलते वॉच टावर और परिसर की पहचान राष्ट्रीय धरोहर के रूप में भी होने लगी है। अधीक्षण अभियंता शिशिर गुप्ता ने बताया कि घड़ी काफी पुरानी है। इसका समय-समय पर रखरखाव कराया जाता रहा है। फिलहाल इसे ठीक करने वाले कारीगर जो सहारनपुर निवासी थे उनका निधन हो गया है। अब दूसरे कारीगर को बुलाकर घड़ी जल्द दुरुस्त कराई जाएगी। पूरे परिसर का रखरखाव विभाग की प्राथमिकता है और किसी भी ऐतिहासिक उपकरण को खराब नहीं होने दिया जाएगा।







