ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद सेना के जवानों के सामने ठंड और फिसलन बड़ी चुनौती बन जाती है। ऐसी परिस्थितियों में बर्फीले युद्ध का प्रशिक्षण केंद्र बारामुला के गुलमर्ग स्थित हाई एल्टीट्यूड वॉरफेयर स्कूल (हवास) के लिए सेना खास स्की बूट खरीदने जा रही है। 22 जोड़ी टैक्टिकल स्की बूट की इस खरीद का उद्देश्य बर्फीले इलाकों में प्रशिक्षण के दौरान जवानों को बेहतर सुरक्षा और मजबूत पकड़ देना है। इन जूतों की खासियत है कि ये माइनस 30 डिग्री तापमान में भी इस्तेमाल किए जा सकेंगे।
जूतों में 45 डिग्री तक मुड़ने वाले कफ दिए जाएंगे। इससे पहाड़ी रास्तों पर चढ़ाई और उतराई के दौरान पैरों को मोड़ने में आसानी होगी। इनमें हीट-मोल्डेबल शेल और लाइनर भी होंगे, जिन्हें पैर के आकार के अनुसार बेहतर फिटिंग देने के लिए ढाला जा सकेगा। सेना की इस खरीद का उद्देश्य बर्फबारी के दौरान जवानों को ऐसे जूते उपलब्ध कराना है, जो ठंड से बचाव के साथ कठिन पहाड़ी परिस्थितियों में आवाजाही को भी आसान बनाएं।







