बता दें कि सोमवार को आजम की कस्टडी रिमांड का आखिरी दिन है जिसके बाद उन्हें शाम 4:30 बजे वापस गाजियाबाद की डासना जेल में दाखिल करा दिया जाएगा। बीते तीन दिन तक चली पूछताछ के दौरान आजम से ईडी से करीब 200 सवाल किए, जिसके उन्होंने गोलमोल जवाब दिए। ईडी के आरोपों को वह लगातार खारिज करते रहे और ट्रस्ट द्वारा लिए गए फैसलों के बारे में अनभिज्ञता जताते रहे। वहीं शत्रु संपत्ति पर कब्जे के आरोपों को भी उन्होंने नकार दिया और इसके लिए रामपुर के जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।
ईडी के अधिकारियों ने रविवार को भी उनसे लंबी पूछताछ की लेकिन वह हर सवाल के जवाब में खुद को पीड़ित और सारे घटनाक्रम को सियासी बदले की भावना से की गई कार्रवाई बताते रहे। उन्होंने उन ठेकेदारों से भी कोई सीधा संबंध होने से मना कर दिया जिन्होंने सरकारी काम के लिए मिली धनराशि को जौहर विश्वविद्यालय के भवनों के निर्माण में खपाया था और ट्रस्ट को चंदा दिया था। अब ईडी उनके करीबियों को दोबारा तलब करने की तैयारी में है जिसमें से कुछ को सरकारी गवाह भी बनाया जा सकता है ताकि आजम खां पर कानूनी शिकंजा कसने में आसानी हो।