एक्सक्लूसिव: उत्तराखंड में इबोला का खतरा, 55 पर्यटकों की निगरानी शुरू, सरकार ने जारी की एडवाइजरी

डेमाेक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और कुछ अफ्रीकी देशों में बढ़ रहे इबोला वायरस के प्रकोप के बीच उत्तराखंड सरकार ने एडवाइजरी जारी की है। इन अफ्रीकी देशों से आने वाले 55 पर्यटकों की निगरानी भी शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने विमानपत्तन प्राधिकरण को आने वाले अन्य पर्यटकों की जानकारी ससमय उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक कांगो, यूगांडा, केन्या और नाइजीरिया समेत अलग-अलग देशों में अब तक हजारों लोगों में इबोला वायरस की पुष्टि हो चुकी है। इसमें मौत का आंकड़ा भी चौंकाने वाला है। भारत सरकार भी इसको लेकर अलर्ट हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से अक्तूबर महीने में सभी राज्यों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग भी की गई थी। इस दौरान सभी राज्यों की समीक्षा की गई।

इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार को वायरस के खतरे को लेकर सजग रहने के निर्देश दिए गए। जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड में अब तक 55 यात्री ऐसे हैं जो अफ्रीकी देशों से आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने उनकी सूची तैयार की है। इनकी 21 दिनों तक निगरानी की जाएगी। इसके अलावा विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ भी समन्वय बनाकर आने वाले पर्यटकों की जानकारी भी ली जा रही है। विशेषज्ञों ने इस वायरस को बेहद खतरनाक और जानलेवा बताया है। साथ ही दुनिया के सबसे खतरनाक संक्रामक रोग की संज्ञा दी है।

एम्स ऋषिकेश में मॉकड्रिल, आइसोलेशन अस्पताल बनाया

एम्स ऋषिकेश में बृहस्पतिवार को इबोला वायरस के इंतजामों को पुख्ता करने के लिए मॉकड्रिल की गई। इस दौरान आपात स्थिति में संदिग्ध या पुष्ट मरीजों को अस्पताल लाने, जांच करने, भर्ती प्रक्रिया पूरी करने और संसाधनों के प्रभावी रहने की समीक्षा की गई। इसके बाद एम्स को इबोला के लिए आइसोलेशन अस्पताल नामित किया गया है। देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के मुताबिक प्रथम श्रेणी के पर्यटकों की समुदाय स्तर पर निगरानी की जाएगी। जबकि द्वितीय और तृतीय श्रेणी के पर्यटकों की तय एसओपी के अनुसार क्वारंटाइन, आइसोलेशन सुविधा के तहत निगरानी की जाएगी।

रक्तवाहिकाएं होती हैं प्रभावित, लिवर, किडनी और आंतों पर गंभीर असर

राज्य सर्विलांस अधिकारी डॉ. पंकज सिंह के मुताबिक इबोला वायरस की चपेट में आने वाले व्यक्ति की रक्तवाहिकाएं प्रभावित होती हैं। इसके अलावा लिवर, किडनी और आंतों पर गंभीर असर देखने को मिलता है। बताया कि शुरुआती लक्षणों के तौर पर संक्रमित व्यक्ति में बुखार के साथ मसूड़ों व नाक से रक्तस्राव होना, आंखें लाल होना, शरीर पर लाल धब्बे और खून की उल्टी व मल में खून आना शामिल हैं। डॉ. पंकज के मुताबिक अफ्रीकी देशों से आए पर्यटकों की 21 दिनों तक निगरानी की जाएगा। फिलहाल किसी भी पर्यटक में वायरस के लक्षण नहीं दिखे हैं।

और पढ़े  ऋषिकेश: योगनगरी में बनेगा गोसदन, नंदीशाला और एबीसी सेंटर भी बनेंगे, CM धामी ने की ये घोषणाएं

इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए प्रदेश सरकार अलर्ट है। सभी जिलों के सीएमओ और जिला अधिकारियों को तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए एक विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
– विनय शंकर पांडेय, स्वास्थ्य सचिव उत्तराखंड

  • Related Posts

    रुड़की: लक्सर में पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी को ट्रक ने मारी टक्कर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक समेत तीन घायल

    लक्सर में देर रात बालावाली तिराहे पर खड़ी पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी को अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में लक्सर कोतवाली में तैनात वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट…

    इबोला: उत्तराखंड में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, प्रभावित देशों से आए यात्रियों से संपर्क टूटने पर देनी होगी सूचना

    डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और अफ्रीकी देशों से आने वाले पर्यटकों की जिले स्तर पर निगरानी के लिए स्वास्थ्य विभाग को उनके नाम-पता और मोबाइल नंबर का लेखा-जोखा रखना होगा।…