छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को राजधानी में श्रद्धा और आस्था के साथ खरना का प्रसाद ग्रहण किया गया। सुबह से निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को व्रतियों ने स्नान कर पारंपरिक तरीके से रोटी और गुड़ की खीर का प्रसाद तैयार किया। सूर्य देव को भोग लगाने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसी के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। आज शाम में डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
छठ महापर्व को लेकर पूर्वी दिल्ली के बाजारों में रौनक चरम पर है। पर्व की तैयारियों के बीच बाजारों में छठ पूजा के लिए विशेष दुकानें सज गई हैं। कहीं बांस के सूप और दउरा की बिक्री हो रही है तो कहीं पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल, नारियल, गन्ना और अन्य सामग्री की दुकानें लगी हैं। खास बात यह है कि कई बाजारों में पूजा से जुड़ी लगभग सभी जरूरी सामग्री एक ही जगह उपलब्ध है। इससे व्रतियों और उनके परिवारों को अलग-अलग दुकानों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है।
सिग्नेचर ब्रिज के नीचे तैयार हुआ घाट
यमुनापार में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सिग्नेचर ब्रिज के नीचे यमुना किनारे इस बार बड़ा पूजा घाट बनकर तैयार हो गया है। यहां छह छठ पूजा समितियां मिलकर आयोजन करेंगी। वहीं सोनिया विहार में भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांच घाट तैयार किए गए हैं। जीरो पुश्ता और ढाई पुश्ता पर विशेष रूप से मॉडल घाट बनाए गए हैं। इन घाटों पर बड़ी संख्या में पूर्वांचल के श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
चिंटू पार्क में छठ पूजा की अनुमति देने से कोर्ट का इन्कार
दिल्ली हाईकोर्ट ने नारायणा गांव के चिंटू पार्क में छठ पूजा करने की अनुमति देने से इन्कार कर दिया। अदालत ने कहा कि किसी जगह पर कई साल से धार्मिक आयोजन होने का यह मतलब नहीं है कि वहां हर साल इसकी अनुमति दी जाए। पार्क को हरित क्षेत्र के रूप में बनाए रखना जरूरी है। न्यायमूर्ति जसमीत सिंह की अदालत ने यह आदेश दिया।
याचिकाकर्ता ने 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को ऊषा अर्घ्य के लिए पार्क में एक हजार वर्ग मीटर जगह इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी थी। उनका कहना था कि यहां पिछले 23 साल से छठ पूजा हो रही है। आयोजन के बाद पार्क को पहले जैसी स्थिति में कर दिया जाएगा। वहीं, डीडीए ने इसका विरोध किया। डीडीए ने कहा कि पार्क में पेड़-पौधे और फूल लगे हैं। यहां आयोजन होने से उनके रखरखाव पर असर पड़ सकता है। अदालत ने कहा कि पार्क आम लोगों के लिए हरित क्षेत्र के रूप में रखा गया है। छठ पूजा के लिए दिल्ली सरकार ने मुनक नहर के पास दूसरी जगह तय की है और वहां जरूरी इंतजाम भी किए गए हैं। ऐसे में चिंटू पार्क में आयोजन की अनुमति देने का कोई कारण नहीं है।
छठ पर आज दिल्ली से चलेंगी 22 विशेष ट्रेनें
छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की है। रविवार को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से कुल 22 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। यात्रियों की भीड़ और मांग को देखते हुए जरूरत पड़ने पर अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी संचालित की जाएंगी।
उत्तर रेलवे के अनुसार रविवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से सात और आनंद विहार टर्मिनल से सात विशेष ट्रेनें रवाना होंगी। इसके अलावा दिल्ली के अन्य स्टेशनों से भी ट्रेनें चलेंगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 04674/04673 चहेड़ता-बांद्रा टर्मिनस-चहेड़ता आरक्षित विशेष सुपरफास्ट एक्सप्रेस दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा लगाएगी। इस ट्रेन का दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव होगा।
आज सोनिया विहार जाएंगी सीएम, देंगी अर्घ्य
छठ महापर्व को लेकर दिल्ली में तैयारियां पूरी हो गई हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी व्रतियों के बीच पहुंचकर सूर्यदेव को अर्घ्य देंगी। वह आज 15 नवंबर की शाम सोनिया विहार छठ घाट पर पहुंचेंगी। यहां व्रतियों के साथ अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा करेंगी। वहीं, कल 16 नवंबर की सुबह आईटीओ स्थित हाथी घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी। इस दौरान वह श्रद्धालुओं से मुलाकात भी करेंगी। साथ ही सीएम ने लोगों को छठ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति आभार जताने का अवसर भी है।
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन मार्गों से बचें
छठ महापर्व को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने यमुना घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। आज और कल को राम घाट, सूर घाट, बजरंगी घाट (वजीराबाद), वासुदेव घाट (आईएसबीटी के पास) और हाथी घाट (आईपी एस्टेट) पर भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने की उम्मीद है। इससे आज दोपहर दो बजे से कल सुबह आठ बजे तक बंध रोड, वजीराबाद रोड, विकास मार्ग, आईपी एस्टेट की सड़कों और यमुना घाटों की अप्रोच रोड्स पर ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे इसके वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
छठ पूजा : यमुना और दक्षिणी घाटों पर उमड़ेगी भीड़, जाम की संभावना
छठ पूजा के दौरान यमुना और दक्षिणी दिल्ली के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात संबंधी एडवाइजरी जारी की है। 15 नवंबर की दोपहर दो बजे से 16 नवंबर की सुबह आठ बजे तक यमुना के राम घाट, सूर घाट, बजरंगी घाट (वजीराबाद), वासुदेव घाट (आईएसबीटी के पास) और हाथी घाट (आईपी एस्टेट) के आसपास यातायात प्रभावित रह सकता है। इस दौरान बंध रोड, वजीराबाद रोड, विकास मार्ग और आईपी एस्टेट की सड़कों पर जाम लग सकता है।








