संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह अमीरात में गुरुवार आधी रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक ट्रक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक की टक्कर पहले एक दूसरे वाहन से हुई। इसके बाद ट्रक पलट गया और सड़क पर धीमी रफ्तार से चल रहे यातायात के कारण रुके कई अन्य वाहनों से जा टकराया। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी वहां के गृह मंत्रालय ने दी।
हादसे में घायल हुए 30 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से आधे घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बाकी लोगों का इलाज अभी जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान के लिए डीएनए जांच की जा रही है।
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने पुष्टि की है कि हादसे में जान गंवाने वालों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। दूतावास ने बताया कि उसने मृतकों के परिवारों से संपर्क किया है। साथ ही स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद और सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
राहत के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं?
यूएई के गृह मंत्रालय के अनुसार, मृतकों की पहचान के लिए डीएनए जांच का सहारा लिया जा रहा है। वहीं, भारतीय वाणिज्य दूतावास स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और मृतकों के परिवारों को जरूरी सहायता देने में जुटा है। घायलों में से कुछ को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, जबकि बाकी का इलाज जारी है।







