केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं जिस राज्य (गुजरात) से आता हूं वहां से उत्तराखंड में सबसे ज्यादा पर्यटक आते हैं। यह उत्तराखंड पुलिस का व्यवहार ही है कि आज तक किसी के मुंह से पुलिस की बुराई नहीं सुनी। उत्तराखंड पुलिस ने आपदा से लेकर अपराध नियंत्रण सभी मोर्चों पर अपने को सिद्ध किया है। शाह शुक्रवार को पुलिस लाइन में राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और पुलिस को राष्ट्रपति निशान प्रदान किया। राष्ट्रपति निशान पाने वाला उत्तराखंड देश का 16वां राज्य बन गया है।
इसके लिए पुलिस, न्यायालय, अभियोजन और अन्य संबंधित व्यवस्थाओं को डिजिटल माध्यम से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस कार्य में भी उत्तराखंड पुलिस देश की अग्रणी पुलिस में शामिल है। लगभग 13 हजार जवानों से शुरू हुई उत्तराखंड पुलिस की यात्रा आज 26 हजार से अधिक जवानों तक पहुंच चुकी है। राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक आपदाओं और लगातार बढ़ती पर्यटकों की संख्या के बीच पुलिस ने साहस, संवेदनशीलता और समर्पण का परिचय दिया है।
इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री ने विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सेवानिवृत्त आईजी नारायण सिंह नपलच्याल और मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव, सराहनीय सेवा के लिए पदक से पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, सहायक सेना नायक प्रतिमा भट्ट और सेवानिवृत्त उप निरीक्षक अभिसूचना, सौहकार पुंडीर को सम्मानित किया। केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस के विशेष डाक आवरण और पुलिस पत्रिका का विमोचन भी किया।
पुलिस के गौरवशाली इतिहास का नया अध्याय : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस निशान प्राप्त होने पर सभी अधिकारियों और जवानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस के साहस, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा को मिली राष्ट्रीय मान्यता है। यह उपलब्धि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था लगातार सुदृढ़ हुई है। आतंकवाद और नक्सलवाद के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, तीन नए आपराधिक कानूनों का क्रियान्वयन और पुलिस बलों का आधुनिकीकरण इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के समय उत्तराखंड पुलिस में लगभग 13 हजार जवान, 96 थाने और 42 चौकियां थीं। आज 26 हजार से अधिक पुलिसकर्मी प्रदेश की सुरक्षा और सेवा में कार्यरत हैं।








