भोपाल में दिवाली की रात आग का तांडव: तीसरी मंजिल पर फंसा परिवार, 40 फीट ऊंचाई से रस्सी के सहारे तीनों को बचाया

दीपावली की खुशियों के बीच राजधानी में आग लगने की घटनाओं ने दहशत फैला दी। घोड़ा नक्कास इलाके में एक दुकान में लगी आग तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैलने लगी। तीसरी मंजिल पर एक परिवार फंस गया। चारों तरफ धुआं और आग के बीच बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। ऐसे में आसपास मौजूद युवकों ने हिम्मत दिखाई और रस्सी की मदद से करीब 40 फीट ऊंचाई से परिवार के तीन सदस्यों का रेस्क्यू कर उनकी जान बचा ली। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने आग बुझाने का मोर्चा संभाला।

 

दुकान में आग लगी, ऊपर लॉज और मकान तक पहुंचा खतरा
घटना घोड़ा नक्कास क्षेत्र में कुंदन नमकीन के सामने की है। अजय रैकवार के मकान के नीचे प्रेम मंगानी का सुपारी सेंटर और किराना दुकान संचालित है। इसी भवन में प्रेम लॉज भी है। जानकारी के मुताबिक, दुकान संचालक प्रेम मंगानी शाम करीब सात बजे पूजा करने के बाद दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसके बाद दुकान में आग लग गई। आग और धुएं ने देखते ही देखते भवन के ऊपरी हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। तीसरी मंजिल पर रहने वाला परिवार अंदर ही फंस गया।

 

40 फीट की ऊंचाई पर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष
आग की लपटों और धुएं के बीच परिवार के लोगों को बाहर निकालना बड़ी चुनौती बन गया। आसपास के लोगों ने इंतजार करने के बजाय खुद रेस्क्यू शुरू कर दिया। युवकों ने रस्सी की मदद से करीब 40 फीट की ऊंचाई से परिवार के तीन सदस्यों को सुरक्षित नीचे उतारा। उनकी सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। समय रहते रेस्क्यू नहीं होता तो परिवार की जान खतरे में पड़ सकती थी।

और पढ़े  मध्यप्रदेश: कटनी में क्रॉकरी दुकान में लगी आग से तीन मंजिला इमारत खाक, 6 लोगों की मौत

 

गांधीनगर में दीये से पर्दे में लगी आग, 25 लाख का नुकसान
दिवाली की रात आग की दूसरी घटना गांधीनगर एयरपोर्ट रोड स्थित ग्रीन वे कॉलोनी के एक फ्लैट में हुई। यहां पूजा के बाद जलाए गए दीयों से पर्दों में आग लग गई। देखते ही देखते आग घर के दूसरे हिस्सों तक फैल गई। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस घटना में करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ। घर में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर, कपड़े, रसोई का सामान और सोने-चांदी के आभूषण जल गए। हादसे के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था। लक्ष्मी पूजन के बाद सभी रिश्तेदारों से मिलने गए हुए थे। इस कारण कोई जनहानि नहीं हुई।

स्कूल के पास कचरे में लगी आग
तीसरी घटना लाल मस्जिद के पास रफीकिया स्कूल के नजदीक एक गली में हुई। यहां कचरे के ढेर में रात करीब 11 बजे आग लग गई। कचरे में फ्रिज का वेस्ट मटेरियल भी पड़ा था। आग की सूचना पर दमकल की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया।

 

दिवाली की रात तीन घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
राजधानी में दिवाली की रात अलग-अलग इलाकों में आग लगने की घटनाओं ने त्योहार के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े किए। घोड़ा नक्कास में स्थानीय युवकों की तत्परता से तीन लोगों की जान बची, वहीं गांधीनगर में एक परिवार को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। गनीमत रही कि तीनों घटनाओं में किसी की जान नहीं गई।

  • Related Posts

    मध्यप्रदेश: कटनी में क्रॉकरी दुकान में लगी आग से तीन मंजिला इमारत खाक, 6 लोगों की मौत

    मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बरही कस्बे में दीपावली की रात भीषण अग्निकांड हो गया। रात करीब 11:30 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में अचानक आग…

    मध्यप्रदेश: निर्मला सप्रे के दलबदल मामले में SC का आदेश, विधानसभा अध्यक्ष 2 महीने में लें फैसला

    मध्यप्रदेश के सागर जिले की बीना विधानसभा सीट से विधायक निर्मला सप्रे के खिलाफ लंबित दलबदल मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश दिया है। शीर्ष अदालत ने विधानसभा अध्यक्ष…