उत्तरकाशी: केदारताल रेस्क्यू अभियान, हेलिकॉप्टर से चार शव मातली लाए गए, 4 लापता ट्रैकर्स की तलाश जारी

केदारताल ट्रैक पर लापता ट्रैकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश में एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस का सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। बुधवार को अभियान के दौरान मिले चार शव हेलिकॉप्टर से मातली हेलीपैड पहुंचाए गए। इनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। चारों शव जिला अस्पताल पहुंचाए गए हैं।

 

27 अक्तूबर को सात ट्रैकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ सहित कुल 13 सदस्यीय दल गंगोत्री से केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। खराब मौसम, भारी बर्फबारी और ग्लेशियर के कारण रास्ता अवरुद्ध होने से दल निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट सका। इसके बाद से प्रशासन के समन्वय से एसडीआरएफ, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम), वन विभाग और ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें तलाश एवं बचाव अभियान में जुटी हैं।

 

पांच दिन पूर्व केदारताल ट्रैक पर कच्ची ढांग के समीप फंसे आठ ट्रैकर्स की तलाश के लिए मंगलवार को मौसम खुलने पर समुद्रतल से करीब चार हजार मीटर की ऊंचाई पर अभियान चलाया गया था। इस दौरान एसडीआरएफ और निम की टीम को एक महिला और एक पुरुष का शव मिला था। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने भी दो शव मिलने की पुष्टि की थी। इसके बाद बुधवार को चार शव हेलिकॉप्टर से मातली हेलीपैड पहुंचाए गए।

 

एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में टीमें अन्य रेस्क्यू एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर अभियान चला रही हैं। प्रतिकूल मौसम, भारी बर्फबारी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद तलाश जारी है।

 

लाइफ सपोर्ट सामग्री के साथ केदारखड़क भेजी जाएगी अतिरिक्त टीम

एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि रेस्क्यू अभियान में जुटी टीम की मदद के लिए एक अतिरिक्त टीम रसद और अन्य लाइफ सपोर्ट सामग्री के साथ केदारखड़क भेजी जाएगी। निम और एसडीआरएफ की टीमें शेष लापता लोगों की तलाश में संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं।

और पढ़े  नैनीताल: रामनगर के पूछड़ी गांव में अतिक्रमण हटाने पहुंचा सरकारी अमला, तीन किलोमीटर के दायरे में आवाजाही पर रोक
  • Related Posts

    केदारताल ट्रैक पर हिमस्खलन: UP की दो सगी बहनें भी हैं फंसी

    केदारताल ट्रैक पर हुए हिमस्खलन के बाद फंसे ट्रैकर्स में उत्तर प्रदेश के लखनऊ गायत्रीपुरम की दो सगी बहनें वर्तिका वर्मा व दीपिका वर्मा भी शामिल हैं। मंगलवार को उनके…

    देहरादून: दीपावली को लेकर पटाखा व्यापारियों पर GST की कार्रवाई, 92 लाख रुपये टैक्स जमा

    दीपावली पर्व पर पटाखा कारोबार को देखते हुए राज्य कर विभाग ने देहरादून, विकासनगर व ऋषिकेश में व्यापारियों पर कार्रवाई कर 92 लाख रुपये का टैक्स जमा कराया है। जीएसटी…