अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। यहां नौ लोगों को लेकर जा रहा एक निजी बिजनेस जेट रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने रविवार को इसकी पुष्टि की। विमान टेक्सास के ऑस्टिन से उड़ान भरकर बहामास जा रहा था। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
कारों में बैठे लोगों ने बनाया हादसे का वीडियो
हादसे के समय आसपास से गुजर रही कारों में बैठे कुछ लोगों ने विमान के आसमान से तेजी से नीचे गिरने का वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में विमान सड़क के पास गिरने के बाद आग के बड़े गोले में बदलता दिखाई दिया। घटनास्थल पर विमान के मलबे और सड़क के टूटे हिस्सों के आसपास आग की लपटें उठती रहीं।
जांच के लिए भेजी जाएगी FAA की टीम
ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने बताया कि विमान निजी था। इसकी पहचान टेल नंबर N722BD से हुई है। हालांकि, उन्होंने विमान में सवार लोगों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी। परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि संघीय विमानन प्रशासन (FAA) हादसे की जांच में राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) की मदद के लिए एक टीम भेज रहा है। अधिकारियों ने अभी तक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह और उसमें सवार लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।






