मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रदेश की महिलाओं और उनके परिवारों को दीपावली का बड़ा उपहार देने जा रहे हैं। लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में सीएम योगी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि सीधे लाभार्थियों के आधार-प्रमाणित बैंक खातों में डीबीटी के जरिए ट्रांसफर करेंगे। इस योजना से उत्तर प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को सीधा लाभ पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खाद्य एवं रसद व नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय, तथा राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा समेत शासन-प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।








