ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में दो दिन के सत्र को लेकर खासी जल्दबाजी का माहौल नजर आया। दूसरे दिन तो सुबह से ही कयासबाजी लगने लगी कि कितने बजे तक सत्र स्थगित हो जाएगा। मंत्री-विधायकों से लेकर अधिकारी-कर्मचारी करवाचौथ पर अर्धांगिनी को चांद का दीदार कराने को लेकर बेकरार नजर आए।
दोपहर को सत्र स्थगित होने से पहले ही कई अफसर-कर्मचारी देहरादून लौटने की हड़बड़ी में नजर आए। सत्र स्थगित होने के एक घंटे के भीतर पूरा भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर खाली हो गया। गाड़ियां धड़धड़ाती हुई लौट गईं। हर कोई घर समय पर पहुंचकर बृहस्पतिवार को चांद का दीदार कराने की जल्दी में दिखा। पीछे रह गया विधानसभा का फिर वही सन्नाटा।







