श्रीनगर: CM धामी ने चाय की दुकान पर लोगों से किया संवाद, मजदूरों का जाना हाल

यात्रा के दौरान राजमार्ग की जमीनी हकीकत और व्यवस्थाओं का जायजा लेने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को गैरसैंण से हेलिकॉप्टर से श्रीनगर के जीवीके हेलिपैड पहुंचे। इसके बाद सड़क से अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हुए। उन्होंने स्थानीय कारोबारियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद भी किया। श्रीनगर के पास पौड़ी चुंगी पर सीएम ने मंगल सिंह की चाय की दुकान पर चाय भी पी व लोगों से बातचीत की। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को खुद चाय भी परोसी।

कीर्तिनगर पुल के पास भी मुख्यमंत्री ने रुककर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया और उनके उत्पादों के विपणन की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने उन्हें करवाचौथ तथा दीपावली की शुभकामनाएं दीं। सीएम मलेथा में विधायक विनोद कंडारी के आवास पर रुके व कार्यकर्ताओं से मिले। मूल्यगांव के पास सड़क निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों को देखकर मुख्यमंत्री ने कार रुकवाई और उनका हाल-चाल पूछा। सीएम को अचानक अपने बीच पाकर मजदूरों के चेहरे खिल उठे। देवप्रयाग पहुंचकर बस अड्डे पर मुख्यमंत्री ने दुकानदारों और महिलाओं से बातचीत की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने बस स्टेशन स्थित सुलभ शौचालय का औचक निरीक्षण किया और अधिशासी अधिकारी राहुल भंडारी को सुलभ शौचालय को और अधिक आधुनिक तथा हाईटेक बनाने के निर्देश दिए। ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री संगम व्यू प्वाइंट भी पहुंचे जहां से उन्होंने अलकनंदा और भागीरथी के पवित्र संगम के दर्शन किए।
बैकुंठ चतुर्दशी मेले का दिया आमंत्रण
इससे पूर्व हेलिपैड पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, एसडीएम नुपूर वर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मेयर आरती भंडारी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत भंडारी ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मेयर आरती भंडारी ने मुख्यमंत्री को 23 नवंबर को होने वाले बैकुंठ चतुर्दशी मेले का आमंत्रण दिया। साथ ही 31 अक्तूबर को श्रीनगर में विकास कार्यों एवं शिलान्यास कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने का भी अनुरोध किया।

और पढ़े  देहरादून: देश के पहले लेखक गांव में 25 अक्तूबर से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय महोत्सव, 60 देशों के प्रतिनिधि आएंगे

व्यवस्थाएं जुटाने में छूटे पसीने
मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम अचानक बना। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन व पुलिस की टीम जीवीके हेलिपैड पर व्यवस्थाओं को जुटाने के लिए पहुंची। वहीं पुलिस की ओर से ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात किए गए। जीवीके हेलिपैड के लिए जाने वाले उबड़-खाबड़ सड़क को आनन-फानन में ठीक कराया गया व पानी का छिड़काव किया गया।

  • Related Posts

    HALDWANI- लालकुआं पुलिस ने 110 पाउच कच्ची शराब के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

        डॉ. मंजूनाथ टी.सी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी की रोकथाम हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी…

    करवा चौथ 2026- करवा चौथ पर भद्रा कब से कब तक रहेगी? जानें समय..

    करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, सुखी वैवाहिक जीवन और परिवार की खुशहाली की कामना…