कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र संख्या-06 के द्विवार्षिक चुनाव में भाजपा के वरिष्ठ नेता और निवर्तमान विधान पार्षद डॉ. एनके यादव ने जीत दर्ज की है। प्रथम और द्वितीय वरीयता के मतों की लंबी मतगणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद घोषित परिणाम में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 11 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया। इस जीत के साथ डॉ. एनके यादव लगातार तीसरी बार कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान पार्षद निर्वाचित हुए हैं।
दूसरी वरीयता के मतों से बढ़ा जीत का अंतर
द्वितीय वरीयता के मतों की छंटनी और हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद डॉ. एनके यादव की बढ़त 11 हजार से अधिक मतों तक पहुंच गई। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव में जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार विधान परिषद में अपनी जगह बनाई।
जीत की घोषणा के बाद समर्थकों ने मनाया जश्न
पूर्णिया के जिला स्कूल परिसर स्थित मतगणना केंद्र के बाहर देर रात से भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक परिणाम का इंतजार कर रहे थे। डॉ. एनके यादव की जीत की खबर मिलते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया।
चुनाव परिणाम की औपचारिक घोषणा के बाद निर्वाची पदाधिकारी ने विजेता प्रत्याशी डॉ. एनके यादव को जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। लगातार तीसरी जीत के साथ उन्होंने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ बरकरार रखी।







