देहरादून क्राइम: धक्का देकर युवक को गिराया, फिर मारपीट कर उतारा मौत के घाट, 2 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पटेलनगर के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले अज्ञात युवक के शव के मामले में सीसीटीवी फुटेज से हत्या का राज खुला है। फुटेज में दो युवक अपने एक साथी को धक्का देकर गिराते और उसके साथ मारपीट करते दिखाई दिए। इसके बाद दोनों उसे सड़क पर ही छोड़कर चले गए। कुछ देर बाद लौटे, युवक को हिलाया-डुलाया और फिर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की सुबह सेवला खुर्द में राजा-रानी वेडिंग प्वाइंट के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार 72 घंटे तक शिनाख्त का इंतजार किया। पहचान नहीं होने पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसी बीच मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो घटना की कड़ियां सामने आने लगीं।
तीन लोग साथ जा रहे थे, अचानक दिया धक्का
उपनिरीक्षक जयवीर सिंह की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक, 19 अक्टूबर की रात करीब 10:56 बजे तीन व्यक्ति सड़क पर साथ जाते दिखाई दिए। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अपने साथ चल रहे युवक को जोर से धक्का दे दिया। युवक सड़क किनारे गिर पड़ा। इसके बाद धक्का देने वाले व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की, जबकि दूसरा साथी पास में खड़ा रहा। दोनों कुछ देर बाद युवक को वहीं छोड़कर चले गए। थोड़ी देर बाद लौटकर उन्होंने युवक को हिलाया-डुलाया, लेकिन फिर वहां से निकल गए।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि धक्का देने और मारपीट के कारण युवक की मौत हुई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। धारा 105 गैर-इरादतन हत्या और धारा 3(5) एक ही आशय से कई लोगों की ओर से किए गए कृत्य से संबंधित है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने के साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास भी कर रही है।
और पढ़े  उत्तराखंड कैबिनेट: CM की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक आज, पर्यटन से लेकर शिक्षा तक के प्रस्ताव आएंगे
  • Related Posts

    भराड़ीसैंण- विस सत्र में विधेयक पेश: लागू होगा अग्नि सुरक्षा का नया कानून, लापरवाही पर सील होंगे भवन, लगेगा भारी जुर्माना

    उत्तराखंड में अग्नि सुरक्षा का नया कानून लागू होगा। वर्तमान में लागू उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा, अग्नि निवारण और अग्नि सुरक्षा अधिनियम 2016 को निरस्त कर अब नया उत्तराखंड…

    देहरादून: एक-दो नवंबर को राष्ट्रपति का दौरा, डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा, व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

    राष्ट्रपति के आगामी एक और दो नवंबर को उत्तराखंड के प्रस्तावित भ्रमण के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों…