आज विजयादशमी है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही इस मौके पर कामना की गई कि उल्लास और विश्वास का यह पर्व हर व्यक्ति के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘आप सभी को विजयादशमी की अनंत शुभकामनाएं। उल्लास और विश्वास का यह विजय पर्व हर किसी के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे। सभी का जीवन सुख-सौभाग्य और सफलता से समृद्ध हो, यही कामना है।’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने क्या कहा?
इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, ‘आप सभी को विजयादशमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। विजयादशमी का पर्व अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमारी आस्था, सभ्यता और सांस्कृतिक परंपरा का उत्सव भी है। मेरी ईश्वर से कामना है कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए तथा समाज में सद्भाव और सौहार्द में अभिवृद्धि करे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी देशवासियों को ‘विजयादशमी’ की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने आगे कहा,’अधर्म, असत्य, अन्याय व अत्याचार पर धर्म, सत्य, न्याय और सदाचार की शाश्वत विजय का प्रतीक यह पावन पर्व सभी को अपने अंदर की बुराइयों का त्याग कर मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्री राम की कृपा से हर हृदय धर्म और सत्य के आलोक से आलोकित हो।’ विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की ओर से एक्स पोस्ट में लिखा गया, ‘विजयादशमी के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।’
जेपी नड्डा ने दी बधाई
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘विजयादशमी के पावन पर्व की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की शाश्वत विजय का प्रतीक विजयादशमी हमें सत्य, साहस और मर्यादा के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्रीराम, हमें सदैव धर्मपथ का मार्ग प्रशस्त करें।’
संबित पात्रा ने क्या कहा?
पुरी से भाजपा सांसद संबित पात्रा ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘सत्य धर्म और न्याय की विजय के महापर्व ‘विजयादशमी’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम से सभी के जीवन में सुख, शांति एवं मंगल की कामना है।’








