बाढ़ से बर्बाद हुईं फैजुल्लागंज और पुराने शहर की 58 सड़कों के पुनर्निर्माण की योजना तैयार की गई है। नगर निगम ने इन कार्यों के लिए 126 करोड़ रुपये से अधिक का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इसमें फैजुल्लागंज की सड़कों के लिए करीब 98 करोड़ और पुराने शहर की सड़कों के लिए 28 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है। बजट जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। फैजुल्लागंज नाम से चार वार्ड हैं लेकिन बाढ़ का सबसे ज्यादा असर फैजुल्लागंज चतुर्थ वार्ड में हुआ था। यहां करीब 12 कॉलोनियों की सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। दाउद नगर, मामा कॉलोनी, पीली कॉलोनी, घैला, मिल्लत नगर, गाजीपुर बलराम और महर्षि नगर समेत कई इलाकों में सड़कें दलदल में तब्दील हो गई हैं। इनकी हालत चलने लायक नहीं बची है।
बाढ़ से पुराने शहर के मल्लाही टोला प्रथम, बालागंज और लालजी टंडन वार्ड के कई इलाकों की सड़कें भी क्षतिग्रस्त हुई थीं। यहां नुकसान फैजुल्लागंज की तुलना में कम रहा, लेकिन खराब सड़कों को दुरुस्त करने के लिए 14 सड़कों का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इन पर 28 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है। मल्लाही टोला प्रथम वार्ड के मिश्रीबाग में रियाज के घर से मान सिंह के घर होते हुए गुंजन के घर से अवस्थी ट्रेडर्स तक सड़क निर्माण, मूकबधिर विद्यालय से शिव मंदिर चौराहे तक तथा अन्य मार्गों पर आरसीसी सड़क और नाली का निर्माण प्रस्तावित है।
कैटल कॉलोनी के पास नाले पर दीवार बनाने का काम भी इसमें शामिल है। बालागंज वार्ड के हरी नगर में वेलकम मैरिज हॉल, संजय सिंह और फरीद अहमद के घर के पास की गलियों में सीसी सड़क और नाली बनाई जानी है। वहीं, लालजी टंडन वार्ड में टांड खेड़ा, गुलमी खेड़ा और जेहटा गांव तक मुख्य मार्ग, आंतरिक गलियों तथा प्राथमिक विद्यालय से साधू बाबा मंदिर होते हुए जेहटा गांव तक सीसी सड़क और नाली के निर्माण की योजना है।
जल्द जारी होगा बजट
बाढ़ से खराब हुई सड़कों को बनाने का प्रस्ताव बनाकर शासन को बजट के लिए भेजा गया है। जैसे ही बजट जारी होगा सड़कों को बनाने का काम शुरू करा दिया जाएगा। – महेश वर्मा, मुख्य अभियंता, नगर निगम
बाढ़ प्रभावित फैजुल्लागंज इलाके में रोशनी की व्यवस्था बेहतर करने के लिए नगर निगम 100 नए पोल लगाकर उन पर स्ट्रीट लाइटें लगाएगा। इस काम पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके लिए नगर निगम ने शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। नगर निगम के मुख्य अभियंता (विद्युत यांत्रिक) मनोज प्रभात ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाके में अब तक 50 से अधिक स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं। शेष स्थानों पर नए पोल लगाने और उन पर लाइटें लगाने का काम प्रस्तावित है।







