शिवसेना (उद्ध बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दिवंगत नेता अजित पवार की स्मृति में शाह का उनकी प्रतिमा का अनावरण करना ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ है।
राकांपा के दोनों गुटों के विलय की चर्चा पर भी उद्धव ठाकरे से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा, ‘यह मामला दोनों पार्टियों से जुड़ा है। अगर उनसे इस बारे में राय मांगी जाएगी, तभी वह अपनी बात रखेंगे’। शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार), उद्धव ठाकरे की सहयोगी पार्टी है।
ठाकरे ने कहा, ‘यह (शाह की ओर से अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करना) दुर्भाग्यपूर्ण था। क्योंकि अजित पवार की जिंदगी को (भाजपा ने) 70 हजार करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप लगाकर मुश्किल बना दिया था’।
अमित शाह ने क्या कहा था?
अमित शाह ने सोमवार को पुणे के जिला परिषद कार्यालय में अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया था। इस दौरान उन्होंने जनवरी में विमान हादसे में अजित पवार के निधन को महाराष्ट्र के लिए ‘अपूरणीय क्षति’ बताया था। शाह ने कहा था, अजित पवार की काम करने की शैली आने वाली पीढ़ियों के राजनेताओं के लिए एक ‘विश्वविद्यालय’ की तरह काम करेगी। इस पर उद्धव ठाकरे ने आगे कहा, ‘अगर उन्होंने (अमित शाह) ये बातें अजित पवार के जीवित रहते कही होतीं, तो अजित पवार को खुशी होती’।
मणिपुर और अरुणाचल क्यों नहीं जाते शाह?
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख ने केंद्रीय गृह मंत्री से मणिपुर जाने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि अमित शाह को हिंसा प्रभावित मणिपुर जाना चाहिए। उन्हें अरुणाचल प्रदेश भी जाना चाहिए। वहां लोग चीनी घुसपैठ के खिलाफ सुरक्षा बलों के साथ मिलकर लड़ रहे हैं। ठाकरे ने कहा कि सुशासन और भाजपा एक-दूसरे के बिल्कुल विपरीत हैं। उद्धव ठाकरे ने कहा, देश में सत्ता परिवर्तन का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि इस समय देश ऐसे लोगों के हाथों में है, जो सिर्फ बातें करते हैं।
ठाकरे ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के पेपर लीक के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, इन प्रदर्शनों के दौरान जेन-जी (युवा पीढ़ी) के खिलाफ पुलिस कार्रवाई हुई थी। इस मुद्दे पर विपक्ष ने केंद्रीय गृह मंत्री को निशाने पर लिया था। लेकिन अमित शाह इन आरोपों का जवाब देने के लिए संसद नहीं आए। ठाकरे ने इस बात पर भी सवाल उठाया।
यूपी चुनाव से पहले लोगों को क्या याद दिलाया?
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए उद्धव ठाकरे ने लोगों से एक खास बात याद रखने को कहा। उन्होंने कहा कि लोगों को कोरोना महामारी के दौरान झेली गई मुश्किलों को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने यह बात भाजपा शासित उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों के संदर्भ में कही।







