घटना शनिवार रात करीब 11 बजे ग्राम पंचायत चरनगहिया-बेलहा में दुर्गा मंदिर के सामने हुई। बताया जा रहा है कि मंदिर में आरती समाप्त होने के बाद कुछ ग्रामीण सड़क किनारे पर्दा लगाकर वीडियो देख रहे थे। इस दौरान वहां कई लोग मौजूद थे। इसी बीच गौरा चौराहे की तरफ जा रही एक कार अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे लगे टेंट का कुछ हिस्सा तोड़ते हुए वहां मौजूद लोगों पर चढ़ गई। हादसे में चरनगहिया-बेलहा गांव निवासी पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) की मौत हो गई। पाटेश्वरी प्रसाद, मणिराम के बेटे थे। मनोज सिंह, उदयभान सिंह के बेटे और गणेश पांडेय, राममिलन के बेटे थे। रात में हुए हादसे की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
अचानक हुई इस घटना से ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कार की चपेट में आने से सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण घायलों की मदद के लिए दौड़े। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था शुरू की। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए बहराइच रेफर कर दिया गया।
तीन परिवारों में पसरा मातम, गांव में भी शोक का माहौल
एक ही हादसे में तीन लोगों की मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं। रात में मंदिर के सामने सामान्य रूप से एकत्र हुए लोगों के बीच अचानक कार घुसने से किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद घटनास्थल पर जुटे लोग घायलों की मदद और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में लगे रहे।
चार ग्रामीण घायल, दो बहराइच रेफर, चालक के नशे में होने की आशंका
दुर्घटना में छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) घायल हुए हैं। चारों चरनगहिया-बेलहा गांव के निवासी हैं। हादसे के बाद उन्हें जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बहराइच रेफर कर दिया। दो अन्य घायलों का जिला मेमोरियल अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कार कब्जे में, चालक हिरासत में
सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल कार को पुलिस ने घेराबंदी कर कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जानकारी में चालक के नशे में होने की आशंका सामने आई है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।