Post Views: 16,597
देहरादून राजपुर थाना क्षेत्र के सहस्रधारा में शनिवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक महिला को भी चोटें आईं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की सहस्रधारा पोस्ट से टीम मौके पर पहुंची और खाई में उतरकर तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को डायल-112 के माध्यम से सहस्रधारा क्षेत्र में कार के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीआरएफ पोस्ट सहस्रधारा से अपर उप निरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कार सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में गिरी थी। कार में तीन लोग सवार थे और हादसे में सभी घायल हो गए थे।
खाई की गहराई और दुर्गम परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ जवानों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। जवानों ने पहले घायलों तक पहुंचकर उनकी स्थिति का जायजा लिया और इसके बाद उन्हें सुरक्षित तरीके से खाई से बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा गया।
घायलों की पहचान मोहन सिंह रावत (39), उनकी पत्नी रिंकी रावत (36), दोनों निवासी दो बच्ची रोड, देहरादून और अमर बहादुर थापा (40), निवासी भाववाला, देहरादून के रूप में हुई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।