देहरादून: युवक की हत्या का खुलासा, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उजाड़ दिया अपना सुहाग, दोनों गिरफ्तार

प्रेमनगर के मांडूवाला में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक को पत्नी के प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी और उसने दोनों को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।

तीन अक्टूबर को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल की खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना पर प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान मदन मुखिया (38) निवासी बोनगांव, सहरसा, बिहार के रूप में हुई। वह मांडूवाला, झाझरा में रह रहा था। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। मकान मालिक की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज की।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित कर घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। मजदूरों का सत्यापन करने के साथ मुखबिर तंत्र भी सक्रिय किया गया। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से ललन शर्मा (23) को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने मदन की पत्नी मीना के साथ मिलकर हत्या करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने मीना को भी गिरफ्तार कर लिया। ललन की निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया।

दो-तीन साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

पुलिस के अनुसार, ललन मजदूरी करता है और मदन का पड़ोसी था। पिछले दो-तीन साल से उसका मदन की पत्नी मीना के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दो दिन पहले मदन ने ललन का फोन चेक किया तो उसमें मीना के साथ उसकी फोटो और वीडियो मिले। इस पर मदन ने दोनों को जान से मारने और संबंधों की जानकारी लोगों को देने की धमकी दी।

और पढ़े  उत्तराखंड: जुबिन नौटियाल के पिता की कांग्रेस में वापसी, प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में ली पार्टी की सदस्यता

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद ललन और मीना ने मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत ललन शराब पिलाने के बहाने मदन को डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में ले गया। वहां नशे की हालत में ललन ने मीना के साथ मिलकर धारदार हथियार से मदन की हत्या कर दी। इसके बाद शव को खाई में फेंक दिया और चाकू झाड़ियों में छिपा दिया।

  • Related Posts

    उत्तराखंड: CM धामी की बड़ी घोषणा, पुलिस के 1600 पदों पर भर्ती जल्द, थानों का बजट होगा डबल

    पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस कल्याण के लिए आठ घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस के रिक्त 1600 पदों पर जल्द भर्ती की जाएगी।…

    दलेर मेहंदी विवाद: मंच पर दिखाई दिलेरी, विरोध के बाद नरम पड़े मंत्री के तेवर, बोले-मुझे लगा था नशे में हैं

    कुंजापुरी मेले में गायक दलेर मेहंदी को मंच पर फटकार लगाने के मामले में बॉलीवुड के विरोध के बाद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के तेवर नरम पड़ गए हैं। अभिनेता…