एसआईआर, चंदा चोरी और यूजीसी के नए नियम आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की मुश्किल बढ़ा सकते हैं। यह आशंका किसी विपक्षी दल ने नहीं, बल्कि भाजपा के अपने नवनियुक्त प्रदेश प्रभारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सामने जताई है। बैठक में उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच दूरी की चर्चाओं का मुद्दा भी उठा, जिस पर नबीन ने साफ कहा कि योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा आशीर्वाद प्राप्त है और ऐसी भ्रामक सूचनाओं का जवाब दिया जाना चाहिए।
नवीन ने प्रभारियों से कहा कि कांग्रेस की ओर से फैलाई जा रही नकारात्मक सूचनाओं का सच जनता के सामने रखें। एसआईआर पर तीनों चुनाव आयुक्तों ने एक साथ आकर जो स्थिति स्पष्ट की है, उससे भी लोगों को अवगत कराएं। उन्होंने चुनावी राज्यों में आपसी कलह, अंदरूनी खींचतान और भितरघात रोकने के लिए सख्त कदम उठाने का निर्देश भी दिया।
यूपी-दिल्ली की दूरी पर दो टूक
बैठक में एक प्रभारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच दूरी की खबरें आती रहती हैं, जो पार्टी के लिए दिक्कत पैदा करती हैं। इस पर नवीन ने कहा कि ऐसी भ्रामक सूचनाओं का प्रतिकार करना है, क्योंकि योगी जी को प्रधानमंत्री का पूरा आशीर्वाद प्राप्त है।
बिहार के लिए अलग नुस्खा
नवीन ने बिहार के प्रभारी हरीश द्विवेदी से कहा कि बिहार को उत्तर प्रदेश से थोड़ा अलग नजरिये से देखना होगा। उन्होंने सलाह दी कि बिहार में जातीय समीकरणों को ध्यान में रखकर ही रणनीति बनानी होगी।
नवीन ने प्रभारियों से कहा कि प्रभारी नियमित रूप से राज्यों का दौरा करें, अलग अलग क्षेत्रों में युवाओं से सीधे बात करें और बूथ स्तर की बैठकों में उनकी राय को प्राथमिकता दें। युवाओं की अपेक्षाएं राज्य सरकार तक ले जाएं और पूरा ब्योरा नियमित रूप से केंद्रीय नेतृत्व को दें। उन्होंने साफ कहा कि जिन राज्यों में पार्टी सत्ता में है, वहां सरकार और संगठन के बीच मतभेद स्वीकार नहीं होंगे।








