एशियन गेम्स 2026 में 27 सितंबर को भारत के लिए कई अहम मुकाबले हैं। स्क्वैश में अभय सिंह और अनाहत सिंह के फाइनल मुकाबले हैं। एथलेटिक्स में भी कई भारतीय पदक की रेस में होंगे।
अनाहत का मुकाबला शुरू
भारत की स्टार स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह का महिला एकल के फाइनल में मलयेशिया की सिवासंगारी सुब्रमणयम से मुकाबला जारी है। सिवासंगारी की विश्व रैंकिंग पांच है। वह पिछले एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट हैं। अनाहत से स्वर्ण पदक की उम्मीदें हैं।
स्वर्ण से चूके अभय सिंह
भारत को आज का पहला पदक मिला है। अभय सिंह ने स्क्वैश के पुरुष एकल स्पर्धा में रजत पदक जीता है। फाइनल में उन्हें मलयेशिया के यो अंग इन के खिलाफ 11-9, 11-5, 11-5 से हार का सामना करना पड़ा। अभय 3-0 से हार गए। अंग को स्वर्ण मिला। यह भारत का इन एशियाई खेलों में 31वां पदक है। वहीं, स्क्वैश में पहला पदक है। अब कुछ देर में अनाहत सिंह महिला एकल के फाइनल में उतरेंगी। उनसे स्वर्ण की उम्मीदें होंगी।
भारत के एशियन गेम्स 2026 में पदक
| खेल | स्वर्ण | रजत | कांस्य | कुल |
|---|---|---|---|---|
| भारत | 4 | 13 | 14 | 31 |
| एथलेटिक्स | 0 | 4 | 4 | 8 |
| बैडमिंटन | 0 | 0 | 1 | 1 |
| क्रिकेट | 1 | 0 | 0 | 1 |
| कबड्डी | 2 | 0 | 0 | 2 |
| मिश्रित मार्शल आर्ट्स | 0 | 0 | 1 | 1 |
| रोइंग | 0 | 0 | 1 | 1 |
| निशानेबाजी | 1 | 6 | 4 | 11 |
| सॉफ्ट टेनिस | 0 | 0 | 1 | 1 |
| स्क्वैश | 0 | 1 | 1 | 2 |
| टेबल टेनिस | 0 | 0 | 1 | 1 |
| भारोत्तोलन | 0 | 1 | 0 | 1 |
| वुशू | 0 | 1 | 0 | 1 |
शुरुआती दो गेम हारे अभय
अभय सिंह स्क्वैश के पुरुष एकल के फाइनल में शुरुआती दो गेम हार चुके हैं। एक गेम हारने पर उनका स्वर्ण जीतने का सपना टूट जाएगा। मलयेशिया के यो अंग इन ने अब शानदार खेल दिखाया है और पहला गेम 11-9 से जीतने के बाद दूसरा गेम 11-5 से अपने नाम किया। इस स्पर्धा में बेस्ट ऑफ-5 होता है। यानी तीन गेम जीतने वाला खिलाड़ी मैच जीतता है। अभय दो गेम हार चुके हैं।
स्क्वैश फाइनल में यो के दबाव में अभय, पहले गेम में 3-6 से पीछे
स्क्वैश के फाइनल में भारत के अभय सिंह और मलयेशिया के यो अंग इन के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है। शुरुआती गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच लंबी रैलियां देखने को मिल रही हैं। अभय एक मौके का फायदा नहीं उठा सके, जिसके बाद यो ने 4-3 की बढ़त बना ली। मलयेशियाई खिलाड़ी ने दबाव बढ़ाया और एक शानदार प्लेसमेंट के जरिए बढ़त 5-3 कर दी। एक और लंबी रैली के बाद यो ने स्कोर 6-3 कर लिया है। अभय के लिए यह मुकाबला आसान नहीं है। पीएसए टूर पर वह अब तक यो को हरा नहीं पाए हैं। दोनों के बीच हुए चार मुकाबलों में मलयेशियाई खिलाड़ी ने सभी में जीत दर्ज की है। इस लिहाज से अभय के सामने इतिहास बदलने की चुनौती है।
वॉलीबॉल में भगवा रंग में दिखी भारतीय टीम, वियतनाम के खिलाफ तेज शुरुआत
क्या भारतीय वॉलीबॉल टीम भी हॉकी टीमों की तरह भगवा रंग की जर्सी में खेल रही है? वियतनाम के खिलाफ मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों की जर्सी नारंगी रंग की नजर आ रही है। भारत ने मुकाबले की शुरुआत भी तेज की है और शुरुआती दौर में 3-0 की बढ़त बना ली है। भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम एशियन गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत वियतनाम के खिलाफ कर रही है। यह मुकाबला पूल सी में खेला जा रहा है। भारत ने शुरुआत में ही दबाव बनाया और लगातार अंक हासिल करते हुए 3-0 की बढ़त ले ली है।
शूटिंग में ट्रैप में भारतीय पुरुष टीम सातवें स्थान पर
शूटिंग के पुरुष ट्रैप इवेंट में भारतीय निशानेबाजों का प्रदर्शन फिलहाल औसत रहा है। व्यक्तिगत वर्ग में किनान चेनाई 47 अंकों के साथ 11वें स्थान पर हैं। शपथ भारद्वाज 45 अंकों के साथ 22वें, जबकि अहवर रिजवी 41 अंकों के साथ 35वें स्थान पर हैं। पुरुष ट्रैप की टीम स्टैंडिंग में भारत की दोनों टीमें फिलहाल सातवें स्थान पर हैं। हालांकि, मुकाबले में अभी दो दिन का खेल बाकी है, ऐसे में भारतीय निशानेबाजों के पास अपनी स्थिति में सुधार करने का मौका है। ट्रैप इवेंट में अभी दो दिन की प्रतियोगिता शेष है। भारतीय निशानेबाज आने वाले दौर में बेहतर प्रदर्शन के साथ पदक की दौड़ में वापसी की कोशिश करेंगे।






