Post Views: 8,578
महाराष्ट्र के सबसे अमीर भाजपा विधायकों में शुमार और करीब 3,400 करोड़ों की संपत्ति के मालिक पराग शाह अपने जैन गुरु के सुझाव पर वैभव, आराम और सुरक्षा को छोड़कर एक दिन के लिए मुंबई की सड़कों पर भिखारी बनकर घूमे।
घाटकोपर पूर्व के विधायक पराग का भिखारी के वेश में वीडियो वायरल हुआ, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। बाद में उनके इस अनूठे काम के पीछे की वजह सामने आई। पराग ने अपना हुलिया बदला और मटमैले बाल-दाढ़ी एवं गंदे कपड़ों में सड़कों पर पूरे दिन भीख मांगी। किसी ने 20 रुपये दिया तो वह समोसे की दुकान पर पहुंच गए लेकिन दुकानदार ने मुफ्त में समोसा दे दिया। हुलिया बदलने के कारण अधिकांश लोग उन्हें पहचान नहीं सके। पराग ने इसे जीवन की वास्तविकता को समझने का एक खास अनुभव बताया।
दरअसल, जैन धर्म के चातुर्मास के दौरान पराग के गुरु नम्र मुनि ने उन्हें गरीब व भिक्षुक जीवन की कठिनाइयों को करीब से समझने का सुझाव दिया था। अपने अनुभव साझा करते हुए पराग ने कहा कि जो लोग आपसे मिलने के लिए कतार में खड़े रहते हैं, लेकिन जब आप उनके पास जाते हैं तो वे आपसे ऊंचे हो जाते हैं और यही जीवन की सच्चाई है।
बीएमसी पार्षद भी रह चुके हैं पराग
पराग ने 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल शपथपत्र में 3,383 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की थी। वह रियल एस्टेट कारोबारी हैं। विधायक चुने जाने से पहले वह बीएमसी में भाजपा के पार्षद भी रह चुके हैं। जैन परंपरा में त्याग, अपरिग्रह और आत्मचिंतन को विशेष महत्व दिया जाता है। शाह का भिखारी बनने का प्रयोग इसी भाव से जुड़ा माना जा रहा है।