भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र से सम्मानित अभिनंदन वर्धमान ने अब विमानन क्षेत्र में नई पारी शुरू की है। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने गोवा स्थित क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 में पायलट के तौर पर ज्वाइन किया है। सूत्रों ने बताया कि अभिनंदन अगस्त में एयरलाइन से जुड़े। हालांकि, एफएलवाई91 के प्रवक्ता ने कर्मचारियों की निजी जानकारी का हवाला देते हुए इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
FLY91 के पास कितने विमान हैं?
गोवा स्थित एफएलवाई91 ने मार्च 2024 में अपनी उड़ान सेवाएं शुरू की थीं। एयरलाइन के पास फिलहाल छह ATR 72-600 विमान हैं। कंपनी के दो प्रमुख बेस गोवा और हैदराबाद में हैं। अभिनंदन के FLY91 से जुड़ने की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब भारतीय विमानन क्षेत्र में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी पर भी लगातार जोर दिया जा रहा है।
अभिनंदन ने पाक के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था
दरअसल, वायुसेना ने 26-27 फरवरी की रात पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी। भारतीय सेना के हमले में 300 से ज्यादा आतंकियों की मौत हो गई थी। जिसके बाद अगले दिन ही बौखलाए पाकिस्तान की वायुसेना ने भारत में घुसने की कोशिश की, लेकिन भारतीय वायुसेना ने उसे खदेड़ दिया। उसी दौरान तत्कालीन विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान मिग-21 उड़ा रहे थे। उन्होंने इस दौरान पाकिस्तान के F-16 को मार गिराया था। हालांकि बाद में अभिनंदन का विमान पाकिस्तान की सीमा में क्रैश हो गया, जिसके बाद पाकिस्तानी सेना ने उन्हें अपनी गिरफ्त में ले लिया था। भारत के दबाव में पाकिस्तान ने करीब 60 घंटे बाद अभिनंदन को छोड़ा था। छोड़ने के बाद पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई थी।







