हरियाणा रोडवेज की बस में डिब्बे के अंदर जिंदा कछुआ लेकर सफर कर रही एक महिला को अंब में पुलिस ने पकड़ लिया। महिला कछुए को ले जाने से संबंधित कोई दस्तावेज या अनुमति पत्र पुलिस के सामने पेश नहीं कर सकी। पुलिस ने कछुए को कब्जे में लेकर महिला के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है।
चालक के अनुसार डिब्बे के अंदर जिंदा कछुआ था। जब उसने महिला से कछुए को ले जाने संबंधी दस्तावेज और अनुमति पत्र मांगा तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद चालक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर अंब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला को कछुए समेत कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कछुए को भी अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में महिला ने बताया कि वह कछुए को धर्मशाला के एक धार्मिक गुरु को भेंट करने के लिए ले जा रही थी। हालांकि, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कछुआ महिला के पास कहां से आया और उसे वास्तव में किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
बस चालक ने पुलिस को बताया कि वह 29 अगस्त की शाम करीब पांच बजे दिल्ली से बस लेकर बैजनाथ के लिए रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान 30 अगस्त की रात बस अंब के गौतम ढाबे पर रुकी थी। यहीं महिला के पास डिब्बे में कछुआ होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि बस चालक की शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस कछुए के स्रोत और उसे ले जाने के उद्देश्य समेत अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।








