उत्तर भारत में भले ही मानसून कुछ कमजोर पड़ गया है, लेकिन जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड मूसलाधार बारिश कहर बरपा रही है। जगह-जगह भूस्खलन से सैकड़ों मार्ग बंद हैं और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान त्रिपुरा और ओडिशा में भारी बारिश दर्ज की गई और इन राज्यों में ज्यादातर जगहों पर 21 से 30 सेमी तक बारिश हुई। हरियाणा में भी कई जगहों पर 12-20 सेमी बारिश हुई, जबकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, असम, तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के अंदरूनी इलाकों में 7-11 सेमी बारिश दर्ज की गई।
सैकड़ों वाहन फंसे, यात्रियों को भारी परेशानी
भारी बारिश के कारण जम्मू-कश्मीर में कई जगह भूस्खलन हुआ, जिससे यातायात बाधित हुआ। सांबा-मानसर मार्ग पर लंबा जाम लगने से सैकड़ों वाहन फंस गए और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। कटड़ा शाम के समय बादल छाने से श्री माता वैष्णो देवी के लिए हेलिकॉप्टर सेवा रोकनी पड़ी।
छत्तीसगढ़ में भाई-बहन समेत तीन छात्र बहे, एमपी में तीन डूबे
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्कूल से लौट रहे तीन छात्र-छात्राएं उफनती घोंघा नदी की तेज धारा में बह गए। इनमें भाई-बहन शामिल हैं। तीनों छात्र पुल की जगह नदी को पार कर घर जाने की कोशिश कर रहे थे। रविवार सुबह तीनों के शव बरामद किए गए। वहीं, मध्य प्रदेश के रतलाम में पिकनिक मनाने गए दो शिक्षक और एक छात्र की बारिश के चलते झरने के कुंड में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
पूर्वोत्तर में तीन-चार दिन भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में 29 अगस्त तक कहीं भारी तो कहीं हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। बंगाल, सिक्किम, उत्तर प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, तेलंगाना समेत दक्षिण भारत के कुछ राज्यों और पूर्वोत्तर के सभी सातों राज्यों में भी अगले तीन-चार दिन गरज और चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है।






