नैनीताल में लोअर मॉल रोड 15 अगस्त तक नहीं खुलने पर मां नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन ने शनिवार शाम चार बजे से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। उन्होंने लोअर मॉल रोड पर ग्राउंड जीरो में लेटकर विरोध जताया। व्यापार मंडल ने सड़क को जल्द खोलने की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
उनका कहना है कि निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद सड़क का काम पूरा नहीं हुआ है। पिछले कुछ समय से निर्माण कार्य भी बंद पड़ा था। सड़क बंद होने से व्यापारियों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, माउंटेन मैराथन की सामान्य रूटिंग भी प्रभावित हो रही है। पुनीत टंडन ने कहा कि जब तक लोअर मॉल रोड को यातायात के लिए नहीं खोला जाता, उनका धरना जारी रहेगा। हांलाकि 14 अगस्त को लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने पुनीत टंडन को पत्र लिख कार्य मे समय मांगते हुए सहयोग करने की मांग की थी।






