Post Views: 16,599
ऑपरेशन प्रहार के तहत पटेलनगर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की सात बुलेट समेत कुल 13 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी रेकी के बाद वाहन चोरी करते थे और पुलिस से बचने के लिए नंबर प्लेट हटाकर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपा देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक सिंह (23) पुत्र धनवीर सिंह, निवासी लखवाड़ा टेंट हाउस के निकट, थाना श्यामपुर कांगड़ी, हरिद्वार और गुरप्रीत सिंह (20) पुत्र कुलवंत सिंह, निवासी ग्राम टाटवाला, थाना श्यामपुर कांगड़ी, हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी चोरी के वाहनों को परिचितों को किराये पर भी देते थे और ग्राहक मिलने पर उन्हें बेचने की तैयारी में थे। पटेलनगर क्षेत्र से दो बुलेट चोरी होने की शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पूर्व वाहन चोरी के आरोपियों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान हरिद्वार बाईपास रोड स्थित कबाड़ी बाजार के पास दोनों को चोरी की बुलेट के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर देहरादून के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए अन्य वाहन बरामद हुए। कुछ वाहनों की बरामदगी के लिए पुलिस टीम हरिद्वार और पानीपत, हरियाणा भी भेजी गई है।