फरीदाबाद जिले में रेबीज के संदिग्ध मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार को सराय ख्वाजा क्षेत्र में एक युवक का व्यवहार अचानक असामान्य हो गया। उसने आसपास मौजूद कई लोगों पर हमला कर उन्हें काट लिया। युवक के अकेले रहने के कारण पड़ोसियों ने किसी तरह उसे काबू किया, हाथ-पैर बांधे और निजी एंबुलेंस से बीके नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
इस दौरान उसने कई लोगों को काट लिया, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल ने बताया, मामला संज्ञान में आया है। मरीज की स्थिति का आकलन किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे दिल्ली रेफर किया गया है।






