पिता प्रतीक यादव को आखिरी विदाई देने आई मासूम बेटी ने हाथ में एक कार्ड पकड़ रखा था। जिस पर लिखा था ‘आई लव यू’ और एक छोटा-सा दिल बना था। जैसे ही उसने कार्ड गंगा की धारा में बहाया, वहां मौजूद हर किसी की आंखें भर आईं। मां अपर्णा ने बेटी को अपनी तरफ बुलाया और सीने से लगा दिया। मासूम बेटी का अपने पिता के लिए यह अंतिम संदेश वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गया।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को हरिद्वार में पूरे विधि-विधान से विसर्जित की गईं, लेकिन सबसे मार्मिक पल बेटी का अपने पिता के लिए वह अंतिम संदेश था। मां गंगा की लहरों के बीच बेटी के हाथ में एक कार्ड था, जिस पर लिखा था आई लव यू पापा। दिल के निशान वाला वह छोटा-सा कार्ड जब उसने अपने पिता प्रतीक यादव की अस्थियों के साथ गंगा में प्रवाहित किया, तो वीआईपी घाट पर मौजूद हर आंख नम हो गई।
अस्थि विसर्जन के दौरान पत्नी अपर्णा यादव फूट-फूटकर रोई। नम आंखों से अंतिम धार्मिक रस्में निभाईं। बेटी ने कलश को माथे लगाया। परिवार बेहद गमगीन नजर आया। अपर्णा यादव के पिता अरविंद बिष्ट और भाई अमन भी हरिद्वार पहुंचे थे। वीआईपी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को गंगा में विसर्जित की गईं। प्रतीक यादव की अस्थियां लेकर परिवार हरिद्वार पहुंचा। वीआईपी घाट पर अस्थियां विसर्जित की गईं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की अस्थियां पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा में प्रवाहित की गईं। प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव, बेटियां प्रथमा और पद्मजा और उनके साथ शिवपाल यादव के सांसद बेटे आदित्य यादव भी थे।

हृदय गति रुकने की वजह से जान गंवाने वाले प्रतीक यादव को हायपरटेंशन (उच्च रक्तचाप) के साथ ही खून का थक्का बनने की भी समस्या थी। मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। 29 अप्रैल को सांस लेने में समस्या होने पर प्रतीक यादव अंतिम बार मेदांता अस्पताल पहुंचे थे।










