केदारनाथ क्षेत्र में सोमवार को अचानक मौसम खराब हो गया। यहां घना कोहरा छाने व धुंध के कारण दो हेलीकॉप्टरों को एहतियातन अगस्त्यमुनि मैदान स्थित हेलीपैड पर आकस्मिक उतारना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, हिमालयन हेली सेवा का एक हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से सेरसी की ओर जा रहा था, जबकि इंडो कॉप्टर कंपनी का दूसरा हेलीकॉप्टर सहस्रधारा से फाटा के लिए उड़ान पर था। गुप्तकाशी एवं ऊखीमठ क्षेत्र में दृश्यता कम होने के चलते दोनों पायलटों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यहां सुरक्षित लैंडिंग का निर्णय लिया।
हेली सेवा के नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि केदार घाटी में मौसम खराब होने के कारण दोनों हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। वहीं, मौसम साफ होने के बाद दोनों हेलीकॉप्टरों ने अगस्त्यमुनि हेलीपैड से उड़ान भरकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।









