बंगाल के लोगों ने अपने भविष्य का फैसला कर लिया- शाह
शाह ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद जो फीडबैक मिला है, उसके अनुसार बंगाल के लोगों ने अपने भविष्य का फैसला कर लिया है। अमित शाह ने बताया कि 16 जिलों की 52 सीटों पर हुए मतदान में करीब 92.98 प्रतिशत वोटिंग हुई है, जिसे उन्होंने ऐतिहासिक बताया। उन्होंने दावा किया कि इस भारी मतदान से यह संकेत मिलता है कि राज्य में बदलाव की लहर चल रही है। शाह ने यह भी कहा कि पार्टी की आंतरिक समीक्षा के अनुसार आने वाले चुनावी परिणामों में बड़ी जीत की संभावना है।
उन्होंने दावा किया कि कुल 152 सीटों में से भाजपा 110 से ज्यादा सीटें जीत सकती है। उन्होंने आगे कहा कि दूसरे चरण के बाद पश्चिम बंगाल में पूरी तरह से भाजपा की सरकार बनने की संभावना है। शाह के अनुसार, यह चुनाव जनता के भरोसे और बदलाव की इच्छा को दर्शाता है और आने वाले समय में राज्य में नई राजनीतिक दिशा देखने को मिल सकती है।
बंगाल में शाह के राजनीति वादे
कोलकाता में पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कई बड़े राजनीतिक वादे किए। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो हजारों हेक्टेयर जमीन से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे और इन जमीनों को विकास के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। शाह ने कहा कि असम की तरह बंगाल में भी अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सभी धार्मिक त्योहार जैसे राम नवमी, सरस्वती पूजा और दुर्गा विसर्जन बिना किसी रोक-टोक के शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाएंगे।
उन्होंने परिवर्तन की बात करते हुए कहा कि इसका मतलब सिर्फ सरकार या विधायक बदलना नहीं है, बल्कि असल बदलाव यह है कि बंगाल को घुसपैठ से मुक्त किया जाए, भ्रष्टाचार खत्म हो, सिंडिकेट और जबरन वसूली का अंत हो, और राज्य में कानून का राज स्थापित हो। अमित शाह ने आरोप लगाया कि अगर भाजपा की सरकार बनती है तो “भतीजा टैक्स” और “भाईपो टैक्स” जैसी कथित वसूली खत्म कर दी जाएगी और सिंडिकेट सिस्टम को पूरी तरह समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य को “काडर राज” और राजनीतिक दबाव से मुक्त किया जाएगा।
बंगाल सरकार पर शाह ने लगाए गंभीर आरोप
कृषि के मुद्दे पर अमित शाह कहा कि पिछले 50 वर्षों में बंगाल में खेती के लिए कोई बड़ा सामूहिक प्रयास नहीं हुआ है। भाजपा सरकार आने पर किसानों के लिए आधुनिक शोध केंद्र बनाए जाएंगे ताकि पारंपरिक फसलों को बेहतर बनाया जा सके। शाह ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है और हजारों करोड़ रुपये के घोटालों के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो एक श्वेत पत्र जारी किया जाएगा और सभी मामलों की जांच सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज से कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी ताकि भविष्य में कोई भी भ्रष्टाचार करने की हिम्मत न कर सके।
अमित शाह बोले- बंगाल में पीएम मोदी पर भरोसा वोटों में बदलेगा
अमित शाह ने कहा कि देश का बड़ा हिस्सा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे चुनाव अभियान में बंगाल की जनता का प्यार, उत्साह और भरोसा सामने आया है। शाह के अनुसार यह भरोसा वोटों में बदलेगा और भारतीय जनता पार्टी को जीत दिलाएगा। अमित शाह ने दूसरे चरण के मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी डर के मतदान करें और अपनी इच्छा से वोट डालें। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग की व्यवस्था की भी सराहना की और कहा कि मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए अच्छे इंतजाम किए गए हैं।
बंगाल में अफवाह फैला रही दीदी- शाह
अमित शाह ने कहा कि बंगाल की मुख्यमंत्री यह अफवाह फैला रही हैं कि अगर बंगाल में भाजपा आई तो बाहरी लोग शासन करेंगे, मैं दीदी को बताना चाहता हूं कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बंगाल में जन्मा, बंगाली मीडियम में पढ़ा-लिखा और बंगाली भाषी होगा। वह आपका भतीजा नहीं भाजपा का कार्यकर्ता होगा।
अमित शाह बोले- महिलाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता
अमित शाह कहा कि राज्य में अगर भाजपा की सरकार बनती है तो महिलाओं की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि बंगाल की महिलाओं को डर और असुरक्षा से मुक्त करना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं करतीं, जबकि भाजपा सरकार बनने पर स्थिति पूरी तरह बदल दी जाएगी। शाह ने कहा कि 5 तारीख के बाद अगर भाजपा की सरकार बनती है, तो रात 1 बजे भी एक छोटी लड़की बिना डर के स्कूटी से बाहर जा सकेगी और कोई भी अपराधी उसे परेशान करने की हिम्मत नहीं करेगा।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए, जैसे की आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामला और संदेशखाली घटना उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ितों को न्याय दिलाने की जरूरत है। शाह के अनुसार, उनकी पार्टी ने इन घटनाओं से जुड़े पीड़ित परिवारों को चुनावी मैदान में मौका दिया है, ताकि वे विधानसभा में जाकर मजबूत कानून व्यवस्था की आवाज उठा सकें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बंगाल में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और कानून व्यवस्था को सख्त किया जाएगा ताकि अपराधियों पर नियंत्रण लगाया जा सके।
बंगाल की धरती ने विकास को चुना-शाह
अमित शाह ने कहा कि कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और खुदीराम बोस की धरती ने विकास को चुना है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो विकास यात्रा चल रही है, उससे अब पश्चिम बंगाल भी जुड़ने जा रहा है। शाह ने कहा कि दीदी जा रही हैं और भाजपा आ रही है, डर खत्म हो रहा है और भरोसा बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि 152 सीटों में से भाजपा 110 से ज्यादा सीटें जीत सकती है और दूसरे चरण के बाद राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा सरकार बनेगी।
शाह ने इन आंकड़ों का किया जिक्र
चुनाव में हिंसा के आंकड़ों का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि पिछले चुनावों की तुलना में इस बार स्थिति काफी बेहतर रही है। उन्होंने बताया कि 2016 में 1278 लोग घायल हुए थे, 2021 में 1681, 2023 के पंचायत चुनाव में 664 और 2024 के लोकसभा चुनाव में 761 लोग घायल हुए थे। इसके मुकाबले इस बार पहले चरण में 30 से कम लोग घायल हुए और किसी की मौत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि इस बार चुनाव ज्यादा शांतिपूर्ण तरीके से हुआ है। अमित शाह के अनुसार, बढ़ा हुआ मतदान यह संकेत देता है कि लोग बदलाव चाहते हैं और यह वोट भाजपा सरकार बनाने की दिशा में मजबूत संकेत है।