लखीमपुर खीरी के मैलानी थाना क्षेत्र के मोतीपुर ग्रंट नंबर 10 में मंगलवार शाम आंबेडकर प्रतिमा टूटने पर हुए बवाल के बाद गांव में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। शांति व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। गांव में पुलिस-पीएसी तैनात कर दी गई है। बवाल में घायल महिला और पुलिस की ओर से बलवा, हत्या का प्रयास सहित संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दोनों मामलों में प्रधान सहित 82 लोगों को नामजद और 200 से अधिक अज्ञात लोगों को शामिल किया गया है।
मंगलवार शाम मोतीपुर ग्रंट नंबर 10 गांव में गाटा संख्या 1167 की 0.061 हेक्टेयर विवादित भूमि पर आंबेडकर की जयंती के मौके पर रखी गई प्रतिमा से कथित तोड़फोड़ के बाद हुए बवाल के दौरान पुलिस प्रशासन व निजी आठ वाहनों को उपद्रवियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। घायल मैकूपुर निवासी चंदा देवी ने दर्ज कराए मुकदमे में कहा है कि 14 अप्रैल की शाम मोतीपुर निवासी उनकी भतीजी सुनीता देवी ने सूचना दी थी कि ग्राम प्रधान विरेंद्र, काशीराम, जैपाल, वीरपाल, रामधनी, अवधेश वैयनामी जमीन में अवैध रूप से आंबेडकर प्रतिमा रखने का प्रयास कर रहे हैं।
जब चंदा देवी मौके पर पहुंची तो आरोपी उसकी भतीजे को पीट रहे थे। आरोपियों के साथ अन्य कौशल, गुड़िया और करीब 200 से अधिक लोग इकट्ठा हो गए। चंदा देवी ने बताया कि आरोपियों ने पेट्रोल डालकर उन्हें जिंदा जलाने का प्रयास किया। घायल महिला की तहरीर पर आठ नामजद और करीब 200 अज्ञात के खिलाफ बलवा, हत्या का प्रयास, हिंसा के लिए उकसाने सहित संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सीओ रमेश कुमार तिवारी ने बताया कि मैलानी इंस्पेक्टर बृजेश कुमार मौर्य की ओर से 74 लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है।








