आज राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि-: रक्षा मंत्री राजनाथ से लेकर सीएम योगी तक ने किया नमन, संघर्ष को किया याद

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और प्रखर समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर देश के प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान और मनोहर लाल के साथ कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें याद किया।

‘लोहिया के विचार आज भी समाज को नई दिशा देते हैं’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डॉ. राम मनोहर लोहिया को श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि लोहिया प्रखर समाजवादी चिंतक, स्वतंत्रता सेनानी और सामाजिक न्याय के पुरोधा थे। उनका जीवन राजनीतिक शुचिता, सामाजिक न्याय और वंचितों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। राजनाथ सिंह ने कहा कि डॉ. लोहिया ने समाज में फैली असमानताओं को दूर करने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए। उनके विचार आज भी समावेशी, न्यायपूर्ण और संवेदनशील समाज के निर्माण में हमारा मार्गदर्शन करते हैं।
नितिन गडकरी ने देशभक्ति और तेजस्वी विचारों को किया याद
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी डॉ. लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया। एक्स पर अपने संदेश में उन्होंने कहा कि अपनी प्रखर देशभक्ति और तेजस्वी विचारों के कारण डॉ. राम मनोहर लोहिया ने लोगों के दिलों में खास सम्मान हासिल किया। गडकरी ने इस महान स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों और देश के प्रति समर्पण को याद किया।
शोषितों और वंचितों के उत्थान में योगदान अविस्मरणीय
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डॉ. राम मनोहर लोहिया को महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर समाजवादी चिंतक और ओजस्वी वक्ता बताते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सेवा और समाज के शोषित-वंचित वर्गों के उत्थान के लिए लोहिया ने जो काम किए, वे हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। शिवराज सिंह चौहान ने सामाजिक न्याय की दिशा में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके विचारों से समाज और देश के लिए काम करने की प्रेरणा मिलती है।

मनोहर लाल ने लोहिया के सिद्धांतों को बताया राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भी डॉ. लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी और समाजवादी विचारक डॉ. राम मनोहर लोहिया ने अपने विचारों और सिद्धांतों से भारतीय राजनीति में उच्च आदर्श स्थापित किए। मनोहर लाल के मुताबिक, सामाजिक सशक्तीकरण और देश के समग्र विकास के लिए लोहिया के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। राष्ट्र और समाज के नवनिर्माण में उनके सिद्धांत लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।

योगी आदित्यनाथ ने किया याद, सप्त क्रांति के प्रणेता थे लोहिया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. राम मनोहर लोहिया को महान स्वतंत्रता सेनानी, ‘सप्त क्रांति’ का प्रणेता और प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक बताते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जनकल्याण के लिए भारतीय राजनीति में शुचिता, पारदर्शिता और सामाजिक समता स्थापित करने को लेकर लोहिया का संघर्ष और चिंतन हमेशा याद किया जाएगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनके विचार देश को आगे भी नई दिशा और प्रेरणा देते रहेंगे।

और पढ़े  बाब अल-मंदेब पर हूती विद्रोहियों को बड़ा झटका: सऊदी गठबंधन ने छीने कई अहम इलाके, क्या अमेरिका भी साथ आया?

‘गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा लोहिया का जीवन’
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डॉ. लोहिया को सामाजिक न्याय का पुरोधा बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि लोहिया ने अपना पूरा जीवन अन्याय, असमानता और भेदभाव के खिलाफ संघर्ष करते हुए गरीबों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। रेखा गुप्ता ने कहा कि सामाजिक समरसता, समान अवसर और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के प्रति उनका संकल्प हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। राष्ट्रहित में उनके निर्भीक विचार आज भी महत्वपूर्ण हैं।

भजनलाल शर्मा ने लोकतंत्र को जन आंदोलन बनाने में योगदान को सराहा
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डॉ. राम मनोहर लोहिया को ‘सप्त क्रांति’ का प्रणेता और महान स्वतंत्रता सेनानी बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को जन आंदोलन का स्वरूप देने और समाज में सामाजिक न्याय की अलख जगाने में लोहिया का योगदान अविस्मरणीय है। भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को भी समानता पर आधारित समाज बनाने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

नायब सिंह सैनी ने अन्याय के खिलाफ संघर्ष को किया सलाम
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डॉ. लोहिया को सामाजिक न्याय, समानता और जनहित के लिए जीवन समर्पित करने वाला महान स्वतंत्रता सेनानी और प्रखर चिंतक बताया। उन्होंने कहा कि लोहिया के विचारों ने समाज के वंचित और शोषित वर्गों के अधिकारों को आवाज दी। अन्याय के खिलाफ उनका संघर्ष और समतामूलक समाज की स्थापना के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा देश को प्रेरित करती रहेगी।

पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता और सामाजिक समानता में योगदान को किया याद
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी, सामाजिक समानता और वंचितों के अधिकारों के लिए लोहिया का संघर्ष और वैचारिक योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। धामी ने उनके जीवन और विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
  • Related Posts

    राजस्थान: क्रेशर-माइनिंग विवाद में खूनी संघर्ष, पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत

    राजस्थान के भरतपुर जिले में क्रेशर प्लांट और माइनिंग लीज तक जाने वाले रास्ते को लेकर चल रहा करीब दो साल पुराना विवाद रविवार को हिंसक संघर्ष में बदल गया।…

    उत्तर और दक्षिण कोरिया में बढ़ा तनाव: किम जोंग उन ने दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें, सिओल ने क्या कहा?

    उत्तर कोरिया ने सोमवार को अपने पूर्वी समुद्री इलाके की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। यह जानकारी दक्षिण कोरिया की सेना ने दिया। यह हाल के दिनों में हथियारों के…