पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास समेत विभिन्न ठिकानों पर शुक्रवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीमों ने एक साथ छापेमारी की। लुधियाना स्थित उनके निवास पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी के बीच जांच एजेंसी के अधिकारी दस्तावेजों को खंगालने में जुटे हैं।
जालंधर में अरोड़ा के करीबी के घर पर भी छापा
पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के करीबी जालंधर के चंद्रशेखर अग्रवाल के घर भी ईडी ने छापेमारी की है। महादेव बेटिंग ऐप मनी लॉन्ड्रिंग केस में जालंधर के चंद्र अग्रवाल का नाम सामने आया था और उसके संबंध पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के साथ रहे हैं। चंद्र पर ऐप प्रमोटरों सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल से जुड़कर सट्टेबाजी नेटवर्क के जरिए धन शोधन करने के आरोप हैं।
प्रवर्तन निदेशालय ने अक्तूबर 2024 में जालंधर स्थित उनके घर पर छापेमारी की थी। यह मामला 6000 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध सट्टेबाजी घोटाले से जुड़ा है, जिसमें अब तक 4300 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति अटैच की जा चुकी है। जांच के मुताबिक, यह अवैध ऐप दुबई से संचालित होता था और इसके तार लंदन सहित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े हैं, जबकि कई हाई-प्रोफाइल लोग भी जांच के दायरे में हैं।








