जनपद पौड़ी के प्रेक्षागृह में सोमवार को ‘जन-जन की सरकार-चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं ज्ञान की देवी माँ शारदे के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर बी.आर. मॉडर्न पब्लिक स्कूल और सरस्वती विद्या मंदिर तिमली की बालिकाओं ने अत्यंत मनमोहक सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को उल्लासमय बना दिया। कार्यक्रम में बेमिसाल विकास तथा नयी पहल के चार वर्ष पर आधारित पत्रिका विमोचन भी किया गया। उपस्थित जनसमूह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के वर्चुअल सम्बोधन को भी सुना।
मुख्य कार्यक्रम से पूर्व, स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने आयोजन स्थल पर लगाए गए विभिन्न विकासपरक स्टॉलों का गहन निरीक्षण किया। इन स्टॉलों में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामोत्थान परियोजना, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, एलोपैथिक व आयुर्वेदिक चिकित्सा तथा राजस्व विभाग द्वारा सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया था।
इस उत्सव के दौरान अतिथियों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र व्यक्तियों को भी लाभान्वित किया गया। महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई, साथ ही एक महिला की गोद भराई और एक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार भी गरिमामय ढंग से संपन्न कराया गया। इसी क्रम में सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए 9 दिव्यांग लाभार्थियों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए, जिससे उनके जीवन में सुगमता आयी और चेहरों पर मुस्कान लौट आयी। इस अवसर पर अतिथियों ने सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने वर्चुअल संबोधन में सभी को नव संवत्सर तथा नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अमर बलिदानियों और राज्य आंदोलनकारियों को सादर नमन किया। उन्होंने रेखांकित किया कि राज्य सरकार ने मजबूत अवसंरचना और प्रभावी नीतियों व योजनाओं के माध्यम से उत्तराखंड को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने का निरंतर प्रयास किया है। मुख्यमंत्री ने उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए जी-20 बैठकों के सफल आयोजन, राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी, शीतकालीन यात्रा और ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट जैसे महत्वपूर्ण मील के पत्थरों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि राज्य की आर्थिकी में डेढ़ गुना और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, साथ ही स्टार्टअप्स, बिजली उत्पादन और लखपति दीदी योजना में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। सतत विकास लक्ष्यों (SDG) में प्रथम स्थान प्राप्त करने के साथ-साथ उत्तराखंड रिवर्स पलायन, मत्स्य उत्पादन और किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ और ‘इंडिया इनोवेशन इंडेक्स’ के शीर्ष राज्यों में जगह बनाकर उत्तराखंड आज विभिन्न राष्ट्रीय सूचकांकों में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।







