जनवरी के खत्म होते ही फरवरी की दस्तक होने वाली है और इस बार नए महीने की शुरुआत आम लोगों के लिए खास मायने रखती है। 1 फरवरी 2026 को एक ओर देश का आम बजट पेश किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर रोजमर्रा से जुड़े कई अहम नियमों में बदलाव लागू हो सकते हैं। इन बदलावों का सीधा असर आपकी जेब, घरेलू खर्च, टैक्स योजना, निवेश और दैनिक जरूरतों पर देखने को मिलेगा। गैस सिलेंडर से लेकर सिगरेट, ईंधन से लेकर बैंकिंग और फास्टैग तक कई क्षेत्रों में बदलाव की संभावना है। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि 1 फरवरी से क्या कुछ बदल सकता है और इसका आपकी रोजमर्रा की जिंदगी पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव
हर महीने की तरह 1 फरवरी 2026 को भी एलपीजी सिलेंडर की नई दरें जारी की जाएंगी। इस बार खास तौर पर 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। पिछले कुछ महीनों से 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।
1 जनवरी को दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 14.50 रुपये घटाई गई थी, जिसके बाद इसका दाम 1,804 रुपये हो गया था। ऐसे में अब लोगों की निगाहें घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों पर टिकी हैं, यह देखने के लिए कि फरवरी की शुरुआत में राहत मिलती है या नहीं।
CNG-PNG और ATF की कीमतें
एलपीजी के साथ-साथ 1 फरवरी को एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की नई दरें भी जारी की जाएंगी। ATF की कीमतों में बदलाव का सीधा असर हवाई यात्रियों पर पड़ता है, क्योंकि इसी के आधार पर एयर टिकट के किराए तय होते हैं। पिछले महीने 1 जनवरी को दिल्ली में ATF की कीमतों में करीब 7 प्रतिशत की कटौती की गई थी। इसके अलावा CNG और PNG की कीमतों में भी बदलाव की संभावना है। अगर इनमें संशोधन होता है तो इसका असर सीधे वाहन चलाने की लागत और घरेलू गैस खर्च पर दिखाई देगा।







