ऑस्ट्रेलिया vs इंग्लैंड- 149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार! किसी मैच की शुरुआती तीन पारियों में शून्य पर गिरा पहला विकेट

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पर्थ में एशेज सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। इस टेस्ट का शनिवार को दूसरा दिन है और तीसरी पारी जारी है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 172 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 132 रन पर सिमट गई। अब इंग्लैंड की दूसरी पारी जारी है। इस टेस्ट में वैसे तो पहले दिन ही कई रिकॉर्ड बने, लेकिन दूसरे दिन एक ऐसा रिकॉर्ड बना, जिसकी शायद ही किसी ने कल्पना की होगी।

149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार किसी एक टेस्ट की शुरुआती तीन पारियों में शून्य पर यानी बिना किसी स्कोर के पहला विकेट गिरा। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया, दोनों की पहली पारी में शून्य पर पहला विकेट गिरा था। अब इंग्लैंड की दूसरी पारी में भी बिना किसी स्कोर के पहला विकेट गिरा। टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत मार्च 1877 में हुई थी और इसके 148 साल और आठ महीने में पहली बार ऐसा हुआ है।

 

टेस्ट में पहली बार हुआ ऐसा!
पर्थ टेस्ट में इंग्लैंड को पहली पारी में पहला झटका जैक क्राउली के रूप में लगा था। वह खाता नहीं खोल सके थे। तब इंग्लैंड का स्कोर जीरो था। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में जेक वेदराल्ड भी खाता खोले बिना आउट हुए थे। तब ऑस्ट्रेलिया का स्कोर शून्य था। इसके बाद दूसरे दिन इंग्लैंड की दूसरी पारी में जैक क्राउली फिर बिना खाता खोले आउट हुए और तब इंग्लैंड का स्कोर शून्य था। टेस्ट में ऐसा पहली बार हुआ है।  क्राउली किसी एक एशेज टेस्ट की दोनों पारियों में खाता खोले बिना आउट होने वाले चौथे इंग्लिश बल्लेबाज हैं। उनसे पहले ट्रेवर बेलिस, डेनिस एमिस और माइकल एथर्टन ऐसा कारनामा कर चुके हैं।

और पढ़े  चौथा टी20: भारत को 260 रनों का लक्ष्य, न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने लगाया शतक,भारत को शुरुआती झटका, सैमसन पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट

किसी एक एशेज टेस्ट की दोनों पारियों में खाता
खोले बिना आउट होने वाले इंग्लिश बल्लेबाज 

खिलाड़ी स्थान साल
ट्रेवर बेलिस मेलबर्न 1959
डेनिस एमिस एडिलेड 1975
माइकल एथर्टन मेलबर्न 1998
जैक क्राउली पर्थ 2025

सबसे छोटी पहली पारी (कुल ओवर के मामले में)
वहीं, इंग्लैंड की पहली पारी 32.5 ओवर में 172 रन पर सिमट गई थी। जबकि ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 45.2 ओवर में 132 रन पर सिमट गई। दोनों पारियों को मिलाकर कुल 78.1 ओवर में दो पारियां सिमट गईं। यह एशेज टेस्ट में दोनों टीमों को मिलाकर दूसरी सबसे छोटी पहली पारी है। 1902 में मेलबर्न में खेले गए एशेज टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 32.1 ओवर और इंग्लैंड की पहली पारी 15.4 ओवर में सिमट गई थी। यानी कुल मिलाकर दोनों पारियां में 47.5 ओवर का खेल हुआ था। इस लिस्ट में यह पहले नंबर पर है।

एशेज टेस्ट में दोनों टीमों को मिलाकर सबसे छोटी पहली पारी

ओवर (कुल) स्थान साल ऑस्ट्रेलिया पहली पारी इंग्लैंड पहली पारी
47.5 ओवर मेलबर्न 1902 32.1 ओवर 15.4 ओवर
78.1 ओवर पर्थ 2025 45.2 ओवर 32.5 ओवर
80.0 ओवर लीड्स 2019 52.1 ओवर 27.5 ओवर

स्टोक्स ने 89 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
एशेज इतिहास में इंग्लैंड के कप्तानों ने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर कुछ यादगार गेंदबाजी प्रदर्शन किए हैं। इस सूची में ताजा और सबसे ऊपर नाम बेन स्टोक्स का है, जिन्होंने पर्थ टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में पांच विकेट लिए और कंगारुओं को जल्दी समेटने में अहम भूमिका निभाई। उनके 5/23 के आंकड़े उन्हें लगभग एक सदी पुराने रिकॉर्ड्स से आगे ले जाते हैं। ऐतिहासिक रूप से, इस सूची में गबी एलन (1936), जॉनी डगलस (1912), फ्रेडी ब्राउन (1951) और बॉब विलिस (1982) जैसे दिग्गज कप्तान भी शामिल हैं।

और पढ़े  भारतीय महिला टीम ने 121 रन से जीता मैच: दूसरे वनडे में जिम्बाब्वे 207 पर ऑलआउट, मेजबानों ने बनाई अजेय बढ़त

ऑस्ट्रेलिया में किसी एशेज टेस्ट में इंग्लैंड के कप्तानों की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी

गेंदबाज आंकड़े स्थान साल
बेन स्टोक्स 5/23 पर्थ 2025
गबी एलन 5/36 ब्रिस्बेन 1936
जॉनी डगलस 5/46 मेलबर्न 1912
फ्रेडी ब्राउन 5/49 मेलबर्न 1951
बॉब विलिस 5/66 ब्रिस्बेन 1982

दोनों टीमों का पहली पारी में 200 से कम पर आउट होना
एशेज में पहली पारी में दोनों टीमों का 200 रन से कम पर आउट होना बेहद दुर्लभ माना जाता है। यह आखिरी बार 1990/91 के ब्रिस्बेन (गाबा) टेस्ट में हुआ था, जब इंग्लैंड 194 रन पर आउट हुआ और ऑस्ट्रेलिया 152 रन पर ढेर हो गया। यह स्थिति बताती है कि पर्थ में बल्लेबाजों को अब तक संघर्ष करना पड़ा है और गेंदबाजों ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बनाई। ऐसे मुकाबले अक्सर कम स्कोर होने के बावजूद रोमांचक साबित होते हैं, क्योंकि हर रन की अहमियत बढ़ जाती है।

ऑस्ट्रेलिया का 21वीं सदी में दूसरा सबसे कम स्कोर
132 का स्कोर ऑस्ट्रेलिया की घरेलू एशेज टेस्ट इतिहास में 21वीं सदी का दूसरा सबसे कम पहली पारी का स्कोर है। इससे भी कम स्कोर 2010/11 के बॉक्सिंग डे टेस्ट (मेलबर्न) में दर्ज हुआ था, जब ऑस्ट्रेलिया सिर्फ 98 रन पर ऑल-आउट हो गया था।
  • Related Posts

    चौथा टी20: भारत को 260 रनों का लक्ष्य, न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने लगाया शतक,भारत को शुरुआती झटका, सैमसन पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट

    भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज हो रहा है। भारतीय टीम पहले ही सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है।…

    भारतीय महिला टीम ने 121 रन से जीता मैच: दूसरे वनडे में जिम्बाब्वे 207 पर ऑलआउट, मेजबानों ने बनाई अजेय बढ़त

    हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के शानदार शतकों के बाद बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को दूसरे वनडे…