Post Views: 18,612
भारत 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में देशभक्ति का एक अलग ही रंग देखने को मिला। गुजरात के अहमदाबाद से आए पर्यटक अरुण हरयाणी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर श्रीनगर के लाल चौक पर अपने शरीर को तिरंगे के रंगों में रंगा और राष्ट्रीय ध्वज लहराया।
एएनआई से बात करते हुए अरुण हरयाणी ने कहा, “मैं इस स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को बधाई देता हूँ। मैं हर साल यहां आता हूँ। हर गुजरते साल के साथ मैं यहां विकास देख रहा हू। अब यहां वंदे भारत ट्रेन पहुंचती है। यहां चिनाब ब्रिज भी है। मैं शांति और भाईचारे का संदेश फैलाता हूं। कश्मीर तरक्की कर रहा है। 2030 में भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स होंगे, मैं सभी खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करता हूँ। मुझे कश्मीर में बहुत प्यार मिल रहा है।’
पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ऐतिहासिक लाल किले के प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। आज पीएम मोदी ने लाल किले पर ध्वजारोहण करने के बाद परेड की सलामी ली। प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर से 13वीं बार देशवासियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री का संबोधन करीब 76 मिनट तक चला। इसमें उन्होंने उनकी सरकार में देश में हुई प्रगति का जिक्र किया।
लाल किले की प्राचीर से देश के युवाओं के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने कई बड़े एलान किए। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं को विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि सरकार ने शिक्षा, एआई, स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट और खेलों में अवसर बढ़ाने पर जोर दिया है। आने वाले एक वर्ष में एक करोड़ लोगों को एआई स्किल देने, मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग का नेटवर्क खड़ा करने और 5 से 15 वर्ष के बच्चों में खेल प्रतिभा खोजने के लिए गांव-गांव व स्कूल-स्कूल टैलेंट हंट चलाने का लक्ष्य रखा गया है। युवाओं को संसाधनों की कमी न होने देने और उन्हें हर क्षेत्र में नेतृत्व के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया है।