मुख्यमंत्री पद से सांसद तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे के बाद अब नए मुख्यमंत्री को लेकर शनिवार को भाजपा विधायक मंडल दल की बैठक हो रही है।
बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर सुबह करीब 10 बजकर 40 मिनट पर देहरादून पहुंचे। पार्टी प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम भी उनके साथ पहुंचे हैं। इस दौरान नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि उत्तराखंड का नया मुखिया विधायक मंडल दल की बैठक में चुना जाएगा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नरेंद्र तोमर ने बैठक से पहले तीरथ सिंह रावत से मुलाकात की।
बैठक के लिए मंत्री रेखा आर्य, हरक सिंह रावत, यशपाल आर्य, अरविंद पांडेय, बिशन सिंह चुफाल सहित सभी लोग पहुंचे हैं। विधायक पुष्कर सिंह धामी और यतीश्वरांनद भी पहुंचे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौकिश भी बैठक के लिए पहुंचे हैं। वहीं नए मुख्यमंत्री के संभावित नामाें में अब एक नया नाम जुड़ गया है। ये नया नाम विधायक पुष्कर सिंह धामी का है। पुष्कर सिंह धामी खटीमा से भाजपा के विधायक हैं।